मुंबई, 18 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बांद्रा वेस्ट स्थित आवास ‘मन्नत’ के परिसर में दो सांप देखे जाने की सूचना के बाद वहां से एक बिना जहर वाले धामन सांप को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वन्यजीव बचावकर्ता विक्की दुबे ने बताया कि सोमवार शाम करीब आठ बजे उन्हें परिसर में दो सांपों के एक साथ लिपटे होने की सूचना मिली थी।
श्री दुबे ने तुरंत वन विभाग के राउंड ऑफिसर दीपक दादा गायकवाड़ और ठाणे स्थित मुंबई रेंज कार्यालय को सूचित किया, जिसके बाद बचाव टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल को परिसर की सीढ़ी के नीचे छिपा आठ फीट लंबा धामन सांप मिला। सांप डरा हुआ था, लेकिन उसे बिना कोई चोट पहुंचाये सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया।
श्री दुबे ने कहा, “लोगों की आवाजाही के कारण दूसरा सांप परिसर के भीतर भाग गया और देर रात तक चले खोज अभियान के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।”
सांप दिखने से शुरुआत में सुरक्षाकर्मियों और निवासियों के बीच हड़कंप मच गया।
श्री दुबे ने उन्हें आश्वासन दिया कि धामन सांप जहरीला नहीं होता है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
रेस्क्यू किये गये सांप को बाद में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
पुलिस और वन अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मौसम में सांपों का दिखना आम है।
