मुकेश छाबड़ा और बॉस्को मार्टिस ने शुरू किया ‘द बिग ब्रेक’

मुंबई, 18 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड के मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और जाने-माने कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने भारत का पहला डिजिटल प्रतिभा खोज कार्यक्रम ‘द बिग ब्रेक’ शुरू किया है।बीएआरडी द्वारा निर्मित और प्रारूप निर्माता राजीव लक्ष्मण के साथ तैयार ‘द बिग ब्रेक’ में अभिनय, नृत्य और गायन के प्रतिभाशाली लोगों को एक ही मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम विभिन्न डिजिटल मंचों पर चलेगा और इसका समापन एक बड़े समारोह के साथ होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को ऑडिशन के लिए लंबी कतारों में लगने या दूसरे शहरों की यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने अभिनय, गायन या नृत्य की प्रस्तुति का वीडियो बनाकर कार्यक्रम के आधिकारिक सामाजिक माध्यम खाते पर सहयोग अनुरोध भेजकर प्रवेश ले सकते हैं।

हर दिन 40 से 60 प्रतिभागियों की प्रविष्टियों का चयन किया जाएगा और उन्हें कार्यक्रम के सामाजिक माध्यमों पर साझा किया जाएगा। इस तरह प्रतिभागियों की चयन प्रक्रिया केवल निर्णायकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दर्शक भी उनकी प्रतिभा देख सकेंगे। ‘द बिग ब्रेक’ में प्रतिभा की खोज ही कार्यक्रम की सामग्री का हिस्सा होगी। प्रतियोगिता विभिन्न चरणों से गुजरते हुए सामाजिक माध्यमों पर वास्तविकता आधारित प्रतियोगिता के रूप में आगे बढ़ेगी। मुकेश छाबड़ा अभिनय और बॉस्को मार्टिस नृत्य के प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। गायन के लिए हिंदी सिनेमा के प्रमुख गायकों और संगीतकारों का विशेष निर्णायक मंडल बनाया जाएगा, जिसकी घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।
प्रतियोगिता के अगले चरण में चयनित प्रतिभागियों को मुंबई बुलाया जाएगा, जहां उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वे साप्ताहिक कार्यक्रमों और सीधे प्रसारण वाले सत्रों में मार्गदर्शकों के सामने प्रस्तुति देंगे। प्रतियोगिता का समापन एक बड़े समारोह के साथ होगा, जिसमें हिंदी सिनेमा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले गायकों को बीएलएम म्यूजिक की आगामी संगीत प्रस्तुतियों में काम करने का अवसर मिल सकता है। कार्यक्रम का मौलिक संगीत भी इसी संगीत संस्थान के माध्यम से जारी किया जाएगा। मुकेश छाबड़ा ने कहा कि प्रतिभा किसी एक शहर या पृष्ठभूमि तक सीमित नहीं है। ‘द बिग ब्रेक’ के माध्यम से प्रतिभा और फिल्म उद्योग के बीच की दूरी कम करने तथा कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।

बॉस्को मार्टिस ने कहा कि भारत में बहुत से प्रतिभाशाली गायक, अभिनेता और नर्तक हैं, जिन्हें अभी तक अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच नहीं मिला है। कार्यक्रम का उद्देश्य मंच को प्रतिभाओं तक पहुंचाना है। राजीव लक्ष्मण ने कहा कि ‘द बिग ब्रेक’ को पारंपरिक दूरदर्शन कार्यक्रम के रूप में तैयार करके बाद में डिजिटल माध्यम पर लाने के बजाय शुरू से ही डिजिटल माध्यम को ध्यान में रखकर बनाया गया है। प्रतिभा की खोज, प्रतियोगिता और अंतिम समारोह सभी चरणों को डिजिटल दर्शकों के अनुरूप तैयार किया गया है। ‘द बिग ब्रेक’ के लिए प्रवेश पांच अगस्त 2026 से शुरू हो चुका है। भाग लेने की जानकारी और नियम एवं शर्तें कार्यक्रम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

.....

Next Post

सरकारी स्कूलों के मर्जर पर तत्काल रोक लगे:अजय सिंह 

Tue Aug 18 , 2026
सीधी ।पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश में सरकारी स्कूलों की मर्जर प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है| उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर दूर-दराज के क्षेत्रों में किए गए सभी मर्जर आदेशों को निरस्त किया जाए। इसके साथ ही प्राथमिकता के आधार […]

You May Like