
भोपाल। उज्जैन-भोपाल रेलखंड पर शुक्रवार को मरम्मत कार्य के दौरान हादसा टल गया, जब रेलवे ब्रिज पर काम कर रही क्रेन अचानक असंतुलित होकर गार्डर समेत नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपए के नुकसान के साथ रेल यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन से करीब 30 किलोमीटर दूर तराना स्टेशन के पास टिल्लर नदी पर बने दो ब्रिजों से अप और डाउन ट्रेनों की आवाजाही होती है। इनमें से एक पुराने ब्रिज के गार्डर में तकनीकी खराबी आने के कारण गुरुवार से उसके प्रतिस्थापन का कार्य चल रहा था। शुक्रवार दोपहर क्रेन के माध्यम से गार्डर बदले जाने की प्रक्रिया जारी थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से क्रेन गार्डर सहित नीचे नदी में गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही उज्जैन रेलवे स्टेशन से राहत एवं तकनीकी दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद एहतियातन कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है और फिलहाल एक ही ब्रिज से रेल यातायात संचालित किया जा रहा है। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, यदि क्रेन थोड़ी और आगे गिरती तो पुल को गंभीर क्षति पहुंच सकती थी। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य तेज़ी से जारी है और शाम तक स्थिति सामान्य होने की संभावना है।
