भिंड: दतिया जिले के सेवढ़ा के सनकुआं धाम में नदी में मिले शव की पहचान आज हो गई है। मृतक की पहचान आलमपुर थाना क्षेत्र के रुरई गांव के रहने वाले 40 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह चौहान उर्फ किरण के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिन से लापता थे।शनिवार की सुबह सनकुआं की सिंध नदी में एक शव मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद शव को सेवढ़ा के सिविल अस्पताल में रखवा दिया था और शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो भी शेयर की थी।
किसी व्यक्ति ने हुलिए के आधार पर शव की पहचान धर्मेंद्र चौहान के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने उनके घरवालों को सूचना दी। सेवढ़ा पहुंचे मृतक के छोटे भाई समरथ सिंह चौहान ने शव को देखकर उसकी पहचान पक्की की।मृतक के भाई समरथ ने बताया कि धर्मेंद्र अपनी पत्नी के साथ कार से ससुराल गए थे। वहां से शाम को लौटकर उन्होंने पत्नी को घर छोड़ा और अपनी कार समेत मोबाइल घर पर ही रख दिया। इसके बाद वे अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल लेकर बिना कुछ बताए कहीं चले गए। देर रात तक वापस न आने पर घरवालों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की थी।
खोजबीन के दौरान पता चला कि धर्मेंद्र ने कॉक्सी सरकार मंदिर पर भंडारा खाया था। वहीं सुबह वे कॉक्सी-दबोह मोड़ पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक के साथ जाते दिखे थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला।शनिवार को नदी में शव मिलने के बाद जब तलाशी ली गई, तो धर्मेंद्र की जेब से बाइक की चाबी तो मिली, लेकिन सनकुआं के आसपास उनकी मोटरसाइकिल कहीं नहीं मिली। इस वजह से पूरा मामला गहरा गया है।
