रेखा गुप्ता ने किया कांवड़ समिति का पुनर्गठन, कपिल मिश्रा बने अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगामी कांवड़ यात्रा को ऐतिहासिक, सुगम, भक्तिभाव से परिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए उच्च स्तरीय ‘कांवड़ समिति’ का पुनर्गठन किया है।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज कहा कि संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा कांवड़ समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि विधायक अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल व उमंग बजाज को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कांवड़ यात्रा केवल एक पारंपरिक धार्मिक आयोजन मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अटूट सामाजिक समरसता और जनआस्था का एक विराट महोत्सव है। उन्होंने कहा कि सावन माह में दिल्ली की सड़कों पर उमड़ने वाला शिवभक्तों का सैलाब देश की सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए कांवड़ व्यवस्थाएं अब सिर्फ कागजी प्रशासनिक कामकाज नहीं रह गई हैं, बल्कि यह पूरी व्यवस्था दिल्ली में सेवा, श्रद्धा और सम्मान का एक अनूठा प्रतीक बन चुकी है। सरकार का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने वाले हर एक कांवड़िए को अतिथि के रूप में देवतुल्य सम्मान और श्रेष्ठ सुविधाएं मिलें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कपिल मिश्रा के नेतृत्व में यह नवगठित समिति जल्द ही दिल्ली के सभी ज़िलाधिकारियों , दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेगी। समिति का मुख्य फोकस रूट मैनेजमेंट, वॉटरप्रूफ टेंटों की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, 24 घंटे निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और सुरक्षा चाक-चौबंद रखने पर होगा, ताकि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा निर्विघ्न और अभूतपूर्व रूप से संपन्न हो सके।

 

 

Next Post

चीन की वांग शियायू पहली बार फ्रेंच ओपन के आखिरी 16 में

Sat May 30 , 2026
पेरिस, 30 मई (वार्ता) चीन की वांग शियायू शुक्रवार को यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुबत्सेवा पर 6-3, 7-5 से जीत के साथ अपने करियर में पहली बार फ्रेंच ओपन महिला सिंगल्स के आखिरी 16 में पहुंच गईं। वांग ने धीमी शुरुआत की और पहले सेट में 0-3 से पीछे हो गईं, […]

You May Like