
भोपाल। अशोका गार्डन पुलिस ने मंगलवार को हिंदू छात्राओं से रेप और ब्लैकमेलिंग के मुख्य आरोपी फरहान खान और उसके दो साथियों, नबील और अली को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी साहिल को जहांगीराबाद पुलिस ने 8 मई तक रिमांड पर ले लिया है.
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग इस मामले की गहन जांच कर रहा है और पुलिस की जांच में कई खामियां उजागर हुई हैं। आयोग ने पुलिस से उन लोगों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है जिन्होंने आरोपियों को फंडिंग की और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी क्यों नहीं जुटाई गई। आरोपियों का हाई-प्रोफाइल जीवनशैली और महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि उन्हें बाहरी समर्थन मिल रहा था, जिसकी जांच अभी तक पूरी नहीं हो पाई है.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने एक पीड़िता का गर्भपात कराया था, लेकिन गर्भपात करने वालों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई तय नहीं की गई है.
आयोग ने क्लब-90 रेस्टोरेंट के संचालक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भी नाराजगी जताई है, जहां छात्राओं के साथ गलत काम किया गया। रेस्टोरेंट में प्राइवेसी के नाम पर कमरे और केबिन बनाए गए थे, जो आरोपियों का अड्डा बन गया था। आयोग के हस्तक्षेप के बाद सोमवार शाम को प्रशासन ने रेस्टोरेंट के अवैध हिस्से को तोड़ दिया और कलेक्टर ने उसकी लीज निरस्त कर दी है।
सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने पीड़िताओं के कॉलेज का भी दौरा किया, जहां उन्होंने कॉलेज प्रशासन, अधिकारियों और शिक्षकों से पूछताछ की। जांच में पाया गया कि कॉलेज में यूजीसी के मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा था। यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी फरहान के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे और कम उपस्थिति के बावजूद उसे परीक्षा में बैठने दिया जाता था।
इनका कहना है
नगर निगम ने रेस्टोरेंट को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों को फंडिंग करने वालों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
कौशलेंद्र विक्रम सिंह, भोपाल कलेक्टर
