नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने सचिव का पद महिला सदस्यों के लिए आरक्षित करने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का चुनाव 20 मई को कराने का मंगलवार को निर्देश दिया।
न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि चुनाव वर्ष 2024 के चुनावों में अंतिम रूप दी गई मतदाता सूची के आधार पर कराए जाने चाहिए।
पीठ ने यह भी कहा कि 28 फरवरी, 2025 तक पात्रता प्राप्त करने वाले सभी सदस्य चुनाव में मतदान करने के हकदार होंगे।
शीर्ष अदालत ने सचिव का पद विशेष रूप से महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित करते हुए कहा कि कार्यकारी समिति में एक तिहाई सीटें, यानी नौ में से तीन, उनके (महिला) लिए होंगी।
पीठ ने निर्देश दिया कि उपनियमों में सुधार का सुझाव देने के लिए शीर्ष अदालत द्वारा नियुक्त पूर्व शीर्ष अदालत के न्यायाधीश एल नागेश्वर राव की रिपोर्ट एससीबीए की वेबसाइट पर अपलोड की जानी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “रिपोर्ट को चुनौती देने पर विचार नहीं किया जाएगा। हालांकि, सदस्यों के सुझावों का स्वागत किया जाएगा।”
शीर्ष अदालत ने कहा कि रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करना संभव नहीं हो सकता है, क्योंकि मौजूदा एससीबीए कार्यकारी समिति का कार्यकाल 19 मई को समाप्त हो रहा है।
पीठ ने एसोसिएशन के सदस्यों को स्पष्ट कर दिया कि वह एससीबीए के विचार सुने बिना रिपोर्ट के कार्यान्वयन का निर्देश नहीं देगी।
शीर्ष न्यायालय ने कहा, “इस चुनाव में हम पिछली परंपरा के अनुसार जारी रख सकते हैं, लेकिन भविष्य के चुनावों के लिए हमें इस बारे में सहायता की आवश्यकता है कि एससीबीए के चुनाव उसी दिन क्यों नहीं हो सकते, जिस दिन उच्च न्यायालय, जिला न्यायालयों के चुनाव होते हैं।”
शीर्ष अदालत ने दो मई, 2024 को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में एक तिहाई पद महिला सदस्यों के लिए आरक्षित करने का निर्देश देते हुए कहा था कि एक प्रमुख संस्था होने के नाते यह दशकों तक स्थिर नहीं रह सकती और चुनौतियों का सामना करने के लिए समय पर सुधार किए जाने चाहिए।पीठ ने तब कहा था, “हमारा मानना है कि एससीबीए एक प्रमुख संस्था है और देश के सर्वोच्च न्यायिक मंच का एक अभिन्न अंग है। मानदंड, पात्रता शर्तें, सदस्यता, सदस्यता शुल्क संरचना आदि दशकों तक स्थिर नहीं रह सकते और समय-समय पर संस्था के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए समय पर सुधार किए जाने की आवश्यकता है।”
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान 20 मई को समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और 21 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
