नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपराज्यपाल विनय सक्सेना से मुलाकात की और उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशवासियों पर थोपे जा रहे कृत्रिम जल संकट के संबंध में ज्ञापन सौपा।
इस प्रतिनिधिमंडल में श्री सचदेवा के अलावा सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, श्री योगेन्द्र चांदोलिया, श्रीमती कमलजीत सहरावत, श्री प्रवीन खंडेलवाल और सुश्री बांसुरी स्वराज शामिल थे। भाजपा नेताओं ने कहा है कि पंजाब सरकार ने जल आपूर्ति में कटौती की घोषणा करके दिल्ली पर एक कृत्रिम जल संकट थोपने का कार्य किया है। भाखड़ा बांध नहर में जल की कोई कमी नहीं है, फिर भी ‘आप’ सरकार ने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए भाखड़ा नहर से जल आपूर्ति में भारी कटौती की घोषणा की है।
उन्होंने कहा, “ दिल्ली को अपनी जल आपूर्ति का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा हरियाणा से प्राप्त होता है और हमें आशा है कि आप इस बात से सहमत होंगे कि कोई भी कृषि प्रधान राज्य, जब वह जल संकट का सामना कर रहा हो, तो पहले अपने जल संसाधनों का उपयोग अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए करेगा।”
उन्होंने कहा, “हम आपके संज्ञान में लाना चाहते हैं कि पंजाब में जल की कोई कमी नहीं है, लेकिन ‘आप’ और इसके शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल ने अपनी पंजाब सरकार को निर्देश दिए हैं कि वह दिल्लीवासियों को दंडित करें।”
उन्होंने कहा, “हम इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे आग्रह करते हैं कि आप इस मामले में हस्तक्षेप करें और दिल्ली को अरविंद केजरीवाल द्वारा निर्मित जल संकट से बचाने का समाधान सुनिश्चित करें।”
