नई दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली (आईएफएफडी) में दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को सम्मानित किया जाएगा।
इस फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों के लिए जहां एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी वहीं दिग्गज कलाकारों को भी देखने, सुनने का मौका मिलेगा। 25 से 31 मार्च 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल दिल्ली में हिंदी सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय सिनेमा की सबसे कालजयी पहचान मानी जाने वाली शर्मिला टैगोर को यह सम्मान उनके दशकों लंबे करियर और सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है। इस अवसर पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए शर्मिला टैगोर ने कहा, “फिल्म फेस्टिवल ऐसे महत्वपूर्ण स्थान हैं जहाँ दुनिया भर का सिनेमा संवाद के लिए एक साथ आता है। मैं इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली का हिस्सा बनकर खुश हूँ और इस सम्मान से बेहद अभिभूत हूँ। मैं फेस्टिवल में शामिल होने और उन विविध कहानियों और आवाजों का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हूँ जो सिनेमा को खास बनाती हैं।”
गौरतलब है कि शर्मिला टैगोर ने हिंदी और बंगाली दोनों ही सिनेमा में शानदार काम किया है और ऐसी परफॉरमेंस दी हैं जो देश के फिल्मी इतिहास में यादगार हैं। अपनी शालीनता, बेहतरीन रेंज और स्क्रीन पर अपनी जबरदस्त उपस्थिति के लिए पहचानी जाने वाली टैगोर ने भारत के सबसे प्रसिद्ध फिल्मकारों के साथ काम किया है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और 100 से अधिक देशों से कुल 2,187 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। इनमें 1,372 अंतरराष्ट्रीय और 815 भारतीय फीचर और नॉन-फीचर फिल्में शामिल हैं। भारत मंडपम के साथ-साथ शहर के विभिन्न मल्टीप्लेक्स और सार्वजनिक ओपन-एयर स्थानों पर भी फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, ताकि उच्च गुणवत्ता वाला सिनेमा एक बड़े और विविध दर्शकों तक पहुँच सके।

