
सिंगरौली । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि उपज मंडी के प्रांगण में आयोजित किसान कल्याण और कृषि विकास के संकल्प के साथ बलराम कृषि महोत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को वीसी के माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए सिंगरौली जिले की कृषि विविधता और श्रीअन्न के उत्पादन की सराहना की। साथ ही उपस्थित किसानों को कृषि कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली खनिज उत्पादन के साथ-साथ कृषि उत्पादन के क्षेत्र में भी अपना योगदान दे रहा है। सिंगरौली क्षेत्र में राइस मिल, ऑयल मिल, आटा मिल, दुग्ध उत्पादन जैसी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से संचालित की जा रही हैं।
आने वाले समय में हल्दी, अदरक, धनिया आदि मसालों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले को मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, माइनिंग कॉलेज के साथ.साथ फोरलेन सड़क की सौगात मिली है। आने वाले समय में भी सिंगरौली जिले को विकास की कई सौगातें मिलेंगी। वहीं सांसद डॉ.राजेश मिश्रा एवं सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने भी संबोधित किया। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा जयपाल सिंह चावला, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा कप्तान सिंह यादव, प्रदेश संयोजक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ कपिल यार्दे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा प्रवेन्द्र धर द्विवेदी, प्रदेश सदस्य किसान मोर्चा वीरेन्द्र पाठक सहित अन्य मौजूद रहे।
