
नीमच। मंदसौर से दिल्ली जा रही अशोक ट्रेवल्स की बस की हालत को लेकर शुक्रवार रात नीमच में यात्रियों ने जमकर नाराजगी जताई। यात्रियों का आरोप था कि बस का आगे का कांच टूटा हुआ था, गेट रस्सी से बंधा था और एसी भी काम नहीं कर रहा था। यात्रियों ने बस को आगे ले जाने से इनकार करते हुए दूसरी बस उपलब्ध कराने की मांग की। सूचना पर कैंट पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार बस मंदसौर से शाम करीब 6:35 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस में सवार दिल्ली जा रहे यात्री पंकज कुमार के मुताबिक शुरुआत में बस के एसी ने काम नहीं किया। चालक से इसकी शिकायत करने पर आगे जाकर एसी ठीक कराने की बात कही गई। जब बस नीमच पहुंची तो यात्रियों ने बस के आगे का कांच टूटा हुआ देखा। यात्रियों का यह भी आरोप था कि बस का गेट रस्सी से बांधा गया था।
बस की स्थिति देखकर करीब 40 यात्रियों ने विरोध शुरू कर दिया। यात्रियों ने कहा कि टूटा हुआ आगे का कांच और रस्सी से बंधा गेट देखकर वे रात में इसी बस से सफर करने में असहज हैं। उन्होंने दूसरी बस की व्यवस्था करने की मांग रखी।
एसी ठीक कराने के बाद भी साढ़े तीन घंटे इंतजार
यात्रियों के विरोध के बाद एसी ठीक करने वाले कर्मचारी को बुलाया गया और एसी दुरुस्त कराया गया। यात्रियों के अनुसार एसी ठीक होने के बाद भी बस करीब साढ़े तीन घंटे तक नीमच स्थित अशोक ट्रेवल्स कार्यालय के बाहर खड़ी रही। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
मामले की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वहीं यात्रियों का कहना था कि काफी देर तक किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर पहुंचने की प्रतीक्षा रही।
मैनेजर से भी हुई यात्रियों की बहस
इस दौरान यात्रियों और अशोक ट्रेवल्स के नीमच मैनेजर मेहुल जैन के बीच बातचीत और बहस भी हुई। यात्रियों के मुताबिक मैनेजर की ओर से कहा गया कि जो यात्री बस से जाना चाहते हैं, वे जा सकते हैं और जो नहीं जाना चाहते, वे अपना टिकट वापस ले सकते हैं।
यात्री पंकज कुमार का कहना था कि बस का आगे का कांच टूटा होने से रात के समय चालक को वाहन चलाने में परेशानी हो सकती थी। यात्रियों ने मांग की कि उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
करीब साढ़े तीन घंटे की देरी के बाद बस रात 11:30 बजे के आसपास दिल्ली के लिए रवाना हुई। यात्रियों ने बस की स्थिति और लंबी देरी को लेकर नाराजगी जताई।
