नकली क्राइम ब्रांच बनकर 5 लाख की लूट, फरार दो और मुख्य आरोपी सागर से गिरफ्तार

इंदौर. क्राइम ब्रांच ने नकली पुलिस बनकर लूट करने वाले गिरोह के दो और फरार मुख्य आरोपियों को सागर से गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने फरियादी से करीब 5.12 लाख रुपए के युएसडीटी और मोबाइल लूट लिया था.

द्वारिकापुरी निवासी स्नेह परमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर उसके घर में घुस आए थे, आरोपियों ने उसके और उसके पिता के साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर लसुड़िया क्षेत्र में ले गए. वहां उन्हें झूठे फ्रॉड केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई. डर के कारण आरोपियों ने फरियादी से उसके मोबाइल के जरिए 5773 युएसडीटी (करीब 5.12 लाख रुपए) अन्य खातों में ट्रांसफर करवा लिए और मोबाइल भी छीन लिया. इसके बाद भी आरोपी और रकम की मांग कर रहे थे, जिससे परेशान होकर फरियादी ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की. क्राइम ब्रांच ने मामले में पहले ही आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल के आधार पर फरार दो और मुख्य आरोपी अभिषेक रायकवार उम्र 29 साल और रोहित चडार उम्र 24 साल दोनों निवासी सागर, की पहचान हुई. टीम ने सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फरियादी की क्रिप्टो ट्रेडिंग और मुनाफे पर नजर रखे हुए थे और उसी के आधार पर पूरी वारदात की साजिश रची थी. डीसीपी क्राईम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपियों पर पहले से इंदौर में करीब दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं. गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों में दीपक तिवारी (15 केस), नीरज तिवारी (13 केस), अमन लखिया और नितिन लोधी शामिल हैं, जिन्हें पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है. सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. त्रिपाठी ने बताया कि क्राइम ब्रांच टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरार दोनों मुख्य आरोपियों को सागर से गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य पहलुओं पर जांच जारी है.

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 71.1 अरब डॉलर घटा

Fri Jun 12 , 2026
मुंबई, 12 जून (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच जून को समाप्त सप्ताह में 71.1 करोड़ डॉलर घटकर 681.61 अरब डॉलर रह गया। यह गिरावट मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में कमी के कारण दर्ज की गयी है। स्वर्ण भंडार में सप्ताह के दौरान हालांकि वृद्धि हुई है। […]

You May Like