सतना : पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा ऑपरेशन प्रहार 2.0 का आगाज करते ही जिले में इसका असर दिखाना आरंभ हो गया. गुरुवार को जिले के 3 थानों क्षेत्र में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के चलते 1 लाख 30 हजार रु का गांजा जब्त किया गया. इसके साथ ही नशीली दवा के साथ भी आरोपियों को दबोचा गया.
ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध सबसे बड़ी कार्रवाई गुरुवार को जिले के मझगवां थाना क्षेत्र से सामने आई.
थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि गोडान टोला मझगवां का निवासी एक व्यक्ति अपने घर के आंगन में अवैध रुप से गांजे के पेड़ लगाए हुए है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम समय गंवाए बिना गोडान टोला पहुंच गई. जहां पर राकेश राजपूत पिता मदन लाल उम्र 40 वर्ष के घर की जांच शुरु की गई. पुलिस टीम जब घर के आंगन में पहुंची तो वहां पर गांजे के पेड़ लहलहाते नजर आए. लिहाजा पुलिस ने घेराबंदी कर गांजे के पेड़ों को उखड़वाना शुरु किया.
आरोपी के घर के आंगन से कुल 15 नग छोटे-बड़े गांजे के पेड़ पाए गए. जिनका वजन 20 किलो 460 ग्राम पाया गया. जब्त किए गए गांजे के पेड़ों की कीमत 1 लाख रु आंकी गई. जिसे देखते हुए आरोपी राकेश राजपूत के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई. इसी तरह की कार्रवाई नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय के नेतृत्व में की गई. ग्राम अटरा निवासी सुखेंद्र सिंह पटेल उर्फ भूरा उम्र 40 वर्ष की बगिया की जांच के दौरान गांजे का एक हरा पेड़ लगा मिला. जिसका वजन 2 किलो 120 ग्राम पाया गया. जब्त गांजे के पेड़ की कीमत 20 हजार रु आंकी गई.
गांजा बेचते धराए
मैहर जिले की ताला थाने की पुलिस ने मुकुंदपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए गोरेलाल पाण्डेय उर्फ मामा उम्र 58 वर्ष को दबोच लिया. जिसके कब्जे से 1.550 किलो गांजा बरामद हुआ. इसी कड़ी में सिटी कोतवाली सतना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कामता टोला क्षेत्र में थैला लिए घूम रहे एक व्यक्ति को दबोच लिया. जिसके थैले से 1 किलो 130 ग्राम गांजा बरामद हुआ. जिसे देखते हुए आरोपी सुरेश शर्मा उम्र 38 वर्ष के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई.
जेब में मिलीं 58 टेबलेट
नशे के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में जैतवारा थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ा. पूछताछ में युवक की पहचान रोहित उर्फ बद्री केवट के तौर पर हुई. लेकिन वहीं जब पुलिस ने तलाशी ली तो युवक के जेब से 0.5 मिली ग्राम की 58 एल्प्राजोम टैबलेट बरामद हुईं. बिना किसी दस्तावेज के नशे में इस्तेमाल होने वाली दवा को जेब में रखने के चलते पुलिए द्वारा आरोपी युवक के विरुद्ध एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई.
