नगर पालिक निगम के सम्मेलन का कांग्रेस पार्षदों ने किया बहिष्कार

सतना: नगर पालिक निगम में बुलाए गए विशेष सम्मिलन का कांग्रेस पार्टी और उनके पार्षदों ने विरोध करते हुए बहिष्कार किया है। गुरूवार की शाम कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेंस कर मीडिया से इस संबंध में चर्चा की। कांग्रेस के पूर्व पार्षद रामकुमार तिवारी ने कहा कि नगर पालिक निगम के सम्मिलन का कांग्रेस पार्षदों ने बहिष्कार किया है। तीनों मुद्दे शहर की समस्याओं से विपरीत राष्ट्रीय स्तर के हैं, जिसकी सदन में चर्चा हो चुकी है।

इसलिए शहर सरकार से चर्चा उचित नहीं समझते। शहर की समस्या पर नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष मिथलेश सिंह ने कहा कि आयुक्त ने जो बैठक बुलाई है, उसके एजेंडे राष्ट्रीय हैं। उनका हमारे शहर से कोई सरोकार नहीं है। सीवर लाइन, पेयजल, विद्युत की समस्या की बैठक होनी चाहिए थी। प्रभारी मंत्री के दबाव में बैठक बुलाई गई है। प्रभारी मंत्री के सामने वाहवाही लूटने इस तरह के एजेंडे लाए जा रहे हैं। इस तरह के एजेंडे जनता और जनप्रतिनिधियों का समय खऱाब करते हैं। इसलिए कांग्रेस पार्षद सम्मिलित नहीं होंगे।

जिलाध्यक्ष शहर आरिफ इकबाल सिद्दीकी बोले कि शहर की मूल समस्याओं पर बैठक होनी चाहिए, मंत्री का आदेश पूरा करने बैठक है, इसलिए बहिष्कार करेंगे। जिलाध्यक्ष ग्रामीण एवं सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की मंशा वाले पत्र को शासन का पत्र बताकर अधिकारियों ने सहमति प्रस्ताव भेजने का दबाव बनाया है। इस विशेष सम्मेलन में शहर की समस्याओं का कोई मुद्दा नहीं है।

आयुक्त ने जनहित का एजेंडा नहीं चुना है। इस बैठक में जनता का पैसा खर्च होना है, जो यह फिजूल खर्ची है, जिसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। डब्बू ने कहा कि कैलाश वजयवर्गीय का लिखा पत्र गलत है। नगर निगम का सरकार दुरूपयोग कर रही है। मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस के सदस्य शहनाज बेगम, सुषमा तिवारी, पंकज कुशवाहा, विक्रांत त्रिपाठी, रशीद, डॉली चौरसिया, पियूष पटनहा समेत अन्य मौजूद रहे।

Next Post

ब्रिस्बेन के दक्षिण में गोलीबारी में दो घायल

Fri Oct 31 , 2025
सिडनी, 31 अक्टूबर (वार्ता/सिन्हुआ) ब्रिस्बेन के दक्षिण में शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रेलियाई राज्य क्वींसलैंड की पुलिस सेवा ने एक बयान में कहा कि आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया गया कि शुक्रवार को लगभग 1:20 बजे ब्रिस्बेन […]

You May Like