इंदौर:ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी को द्वारिकापुरी पुलिस ने दबोच लिया. आरोपी पर शहर और देहात में तीन दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं.
दो माह पहले एक आरोपी से 18 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त होने के बाद एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हुआ था. इसी मामले में यह आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी.
तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को बैक ट्रेस कर पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. कार्रवाई पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत जोन 4 पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में द्वारिकापुरी थाना टीम ने की. एसीपी शिवेंद्रु जोशी का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
