
इंदौर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने प्रदेश के कबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एयरपोर्ट पहुंच गए। विजयवर्गीय ने शिवराज और उनकी पत्नी का स्वागत किया और घर पर भोजन का निमंत्रण भी दिया। दोनों के बीच एयरपोर्ट के वीआईपी लांज में 18 मिनट तक चर्चा हुई। इस मुलाकात से भाजपा के अंदरूनी हल्कों में राजनीतिक कयास लगने शुरू हो गए है।
आज इंदौर में शिवराज कैलाश की गुफ्तगू से राजनीतिक गलियारों में नए समीकरण के कयास लगाए जा रहे थे। शिवराज आज भारतीय सोयाबीन अनुसंधान केन्द्र के कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। इस दौरान विजयवर्गीय द्वारा शिवराज का स्वागत और बंद कमरे चर्चा करना भाजपा में कुछ उठापटक का संकेत माना जा रहा है।
कैलाश और शिवराज भाजपा में राजनीतिक प्रतिस्पर्धी और विरोधी माने जाते है। इसकी वजह यह है कि कैलाश लंबे समय से मुख्यमंत्री की कुर्सी के दावेदार हैं, लेकिन शिवराज के शासन और फिर मोहन यादव के शासन में भी उनको वैसी तवज्जो नहीं मिल रही है । इसके चलते कैलाश, मोहन यादव की कैबिनेट में कई बार अनुपस्थित रह चुके हैं ।
बताया जा रहा है कि कैलाश की शिवराज से गुफ्तगू मोहन यादव से संबंधों को लेकर भी हो सकती है। एक कयास यह भी लगाया जा रहा है की कैलाश विजयवर्गीय को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा के संदर्भ में भी यह मुलाकात हो सकती है ।चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भी बाहर इंतजार करती रही।
