भिंड: सावन मास शुरू होते ही भिंड में संतों ने चातुर्मास व्रत का संकल्प लिया है। रावतपुरा धाम के संत रविशंकर महाराज आश्रम में रहकर चार महीने व्रत, उपवास और पूजा-पाठ करेंगे। वहीं जैन मुनि विहसंत सागर महाराज का भिंड शहर में मंगल प्रवेश हुआ। वे भी आगामी चार माह तक भिंड में रहकर प्रवास करते हुए उपवास और धर्म साधना करेंगे।
शहर में विहसंत सागर महाराज का 20 साल बाद चातुर्मास हो रहा है। सुबह अटेर रोड से बताशा बाजार, सदर बाजार होते हुए बद्रीप्रसाद की बगिया तक मंगल प्रवेश यात्रा निकाली गई। भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह भी स्वागत के लिए पहुंचे। जैन समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अगवानी की। चातुर्मास के दौरान जैन संत हर दिन प्रवचन, पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
रावतपुरा धाम पर भी रविशंकर महाराज द्वारा लंबे समय बाद चातुर्मास व्रत किया जा रहा है। वे भी चार महीने आश्रम पर रहकर नित्य पूजा-पाठ, अनुष्ठान करेंगे और किसी अन्य स्थान पर प्रवास नहीं करेंगे। उनके चातुर्मास व्रत के चलते श्रद्धालुओं में उत्साह है। लगातार लोग उनके दर्शन और आशीर्वाद लेने रावतपुरा धाम पहुंच रहे हैं।
