केरल के पूर्व मुख्यमंत्री की हालत गंभीर

तिरुवनंतपुरम, 3 जुलाई (वार्ता) दिल का दौरा पड़ने के बाद ‘एसयूटी’ अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराए गए केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि मेडिकल टीम के अलावा तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज के सात विशेषज्ञों की एक विशेष टीम भी उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

इस बीच मेडिकल बोर्ड ने वेंटिलेटर सपोर्ट ,कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी (सीआरआरटी) और एंटीबायोटिक्स सहित वर्तमान में जारी उपचार में कोई बदलाव नहीं किया है । लेकिन इसमें आवश्यकतानुसार ‘जरूरी बदलाव’ किया जा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के लिए मेडिकल बोर्ड की एक बैठक हुई थी। गौरतलब है कि 22 जून को नियमित जांच से घर लौटने के तुरंत बाद दिल का दौरा पड़ने के बाद श्री अच्युतानंदन को 23 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से उनकी हृदय गति और अन्य प्रकियाओं को स्थिर करने के प्रयास जारी हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और कई अन्य लोगों ने श्री अच्युतानंदन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम विभिन्न जीवन रक्षक प्रणालियों की मदद से श्री अच्युतानंदन की श्वास, रक्तचाप और गुर्दे की कार्यप्रणाली को बनाए रखने के लिए काम कर रही है।

केरल के फिदेल कास्त्रो के नाम मशहूर श्री अच्युतानंदन 2006 से 2011 तक राज्य के मुख्यमंत्री थे। वह केरल विधानसभा में तीन बार विपक्ष के नेता रहे।

 

Next Post

ग्रेनाडा टेस्ट में स्मिथ की वापसी तय

Thu Jul 3 , 2025
सेंट जॉर्ज (ग्रेनाडा), 03 जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी उंगली की चोट से उबर चुके हैं और ग्रेनाडा में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए टीम की प्लेइंग इलेवन में वापसी करेंगे। कप्तान पैट कमिंस ने खुलासा किया कि नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच से 24 […]

You May Like