
मंदसौर। भारत की सभ्यता और संस्कृति के मूल में हमारा सनातन है। विविधताओं से ओतप्रोत हमारी सभ्यता का संघर्ष संस्कृति की सुगन्ध को विस्तारित करता है। परिवार व्यवस्था और रिश्तो का ताना-बाना भी हमारी संस्कृति का ही अहम हिस्सा है जिसके माध्यम से सामाजिक व्यवस्थाओं का भी निर्धारण होता है।
यह विचार सांसद सुधीर गुप्ता ने वैचारिक निवेश के अंतर्गत “वर्तमान परिदृश्य में सभ्यता और संस्कृति विषय पर नगर के प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी में व्यक्त किए।
श्री गुप्ता ने कहा कि हमारी पुरातन संस्कृति में परिवार व्यवस्था की जो अवधारणा है ऐसा उदाहरण अन्यत्र किन्हीं देश में नहीं देखने को मिलता। माता-पिता और बच्चों तक ही हमारे परिवार की संस्कृति सीमित नहीं है देश की पारिवारिक परंपरा में छोटे परिवार कम बच्चों की कोई व्यवस्था नहीं रही है। चूंकि पारिवारिक संबंध रिश्तों की डोर में बंधे हैं तो हमारी सभ्यता भी संपूर्ण परिवार की अवधारणा से जुड़ी है जिसमें तीन से अधिक भाई-बहन होते हैं मौसी भुआ भाई बहन,मामा काका के रिश्ते हमारी सभ्यता और संस्कृति के संवाहक होते हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि छोटे परिवार या एक या दो बच्चे भारत की परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि सभ्यता और संस्कृति समुद्र मंथन की तरह एक रिसर्च है और विष या अमृत उसका रिजल्ट यानी परिणाम है। हमारी संस्कृति की यात्रा में हर चीज का परीक्षण किया गया है। और संस्कृति की गहराई ने हमारी सभ्यता और परंपराओं को इतना मजबूत किया है कि बार-बार हमारे देश पर जो सांस्कृतिक हमले होते हैं हमारी संस्कृति को नष्ट भ्रष्ट करने की कोशिश की जाती है लेकिन हमारी संस्कृति कभी खत्म नहीं होती।
सनातन में कोई एक गुरु नहीं मुक्ति के लिए कोई एक मार्ग नहीं क्योंकि वह सनातन है इसलिए यह सब नहीं।
पूर्व न्यायाधीश श्री रघुवीर सिंह चुंडावत ने कहा कि हमारी संस्कृति उद्गम है और सभ्यता उसका प्रभाव। विचार, मान्यता, आस्था, विश्वास यह सब सभ्यता की श्रेणी में आते हैं तभी सु संस्कृत रहते हैं। हमारी संस्कृति का संबंध आत्मा से है और सभ्यता का स्वरूप बाह्य है। हमारी जीवन शैली में जितनी भौतिक सुख और सुविधाएं आएगी उतने ही हम हमारी सभ्यता और संस्कृति से दूर होते चले जाएंगे। आपने कहा कि त्रेता युग में राम का त्याग ही उनकी संस्कृति भी है। द्वापर में द्रोपदी के चीर हरण को उस समय की सबसे बड़ी असभ्यता की श्रेणी में माना गया। कलियुग में संस्कारों से विहीन होती पीढ़ी लज्जा भंग तक भी अमर्यादित है। श्री चुंडावत ने कहा कि हमारे देश का दुर्भाग्य देखिए कि यहां लीव इन रिलेशनशिप को भी कानूनी मान्यताएं देने की बात कही जाती है और व्यभिचार को अपराध के दायरे में नहीं लिया जाता।
संगोष्ठी में उच्च न्यायालय ग्वालियर खंडपीठ के सेवानिवृत्ति न्यायाधीश गिरिराज दास सक्सेना वरिष्ठ समाजसेवी गुरुचरण बग्गा, पूर्व प्राचार्य वरिष्ठ चिंतक डॉ. रवींद्र कुमार सोहोनी युवा शिक्षाविद विक्रम भटनागर ने भी संगोष्ठी की चर्चा में भाग लिया। इस अवसर पर दीपावली मिलन का भी आयोजन किया गया बधाई व शुभकामनाएं दी गई। आरम्भ में संगोष्ठी के मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता का स्वागत किया गया। संचालन पत्रकार व समाजसेवी ब्रजेश जोशी ने किया।
