‘कोई जादुई छड़ी नहीं’: एनसीआर प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने जतायी चिंता

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण (एमसी मेहता मामला) से संबंधित मामले को अगले सोमवार को तत्काल सूचीबद्ध करने पर सहमत हो गया है लेकिन न्यायालय ने आगाह किया कि न्यायपालिका से इस स्तर के संकट का तुरंत समाधान देने की उम्मीद नहीं की जा सकती है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने गुरूवार को इस मामले की तत्काल सूचीबद्धता के उल्लेख की सुनवाई करते हुए टिप्पणी की कि दिल्ली की बिगड़ती वायु गुणवत्ता एक “स्वास्थ्य आपातकाल” है। पीठ ने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि न्यायालय को तदर्थ न्यायिक निर्देशों के बजाय वैज्ञानिक और विशेषज्ञ जानकारी पर निर्भर रहना चाहिए।

राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण की “खतरनाक” स्थिति को उजागर करने वाली ‘न्याय मित्र’ वरिष्ठ अधिवक्ता अपराजिता सिंह से मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “हम समस्या जानते हैं। हमें सभी कारणों की पहचान करने की आवश्यकता है। कोई एक अकेला कारण नहीं है, ऐसा सोचना गलती होगी।”

न्यायपालिका की सीमाओं का उल्लेख करते हुए, मुख्य न्यायाधीश ने पूछा, “कोई अदालत क्या जादुई छड़ी चला सकती है? मुझे बताएं, हम क्या निर्देश दे ताकि तुरंत स्वच्छ हवा मिल जाए?” पीठ ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह समझना आवश्यक है कि सरकार ने कौन सी समितियां बनाई हैं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग क्या कर रहा है, और विभिन्न क्षेत्रों में कौन से समाधान व्यावहारिक हैं।

अधिवक्ता सिंह ने न्यायालय को सूचित किया कि आयोग पहले से ही स्थिति की निगरानी कर रहा है और निर्देश जारी कर रहा है। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने जोर दिया कि तदर्थ हल को दीर्घकालिक तंत्र से बदलने की जरूरत है। प्रदूषण मामलों की केवल दिवाली के दौरान सुनवाई के पैटर्न पर टिप्पणी करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “इस मामले को दिवाली के मौसम के दौरान एक औपचारिक तरीके से सूचीबद्ध किया जाता है। सर्दियों के बाद, यह गायब हो जाता है। हमें नियमित निगरानी करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का इरादा प्रदूषण मामले की “नियमित, निरंतर आधार पर” सुनवाई करने का है। इसकी वजह यह है कि यह मुद्दा हर सर्दी में फिर से उभरता है और फिर गायब हो जाता है। मुख्य न्यायाधीश ने वैज्ञानिक परामर्श की आवश्यकता को दोहराया, “हमें क्षेत्र के विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों को शामिल करना चाहिए। केवल वे ही योगदान देने वाले कारकों और संभावित समाधानों का व्यापक रूप से आकलन कर सकते हैं।”

वर्तमान स्थिति की गंभीरता को बताते हुए मुख्य न्यायाधीश ने यह भी उल्लेख किया कि राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के कारण उन्होंने खुद भी बाहर टहलने से परहेज किया है। इस मामले पर अगले सोमवार को विस्तार से विचार किया जाएगा।

 

Next Post

ट्रेनों में हलाल प्रमाणित मांस परोसे जाने के निर्देश की खबरें निराधार:रेलवे

Thu Nov 27 , 2025
नयी दिल्ली 27 नवंबर (वार्ता) भारतीय रेल ने ट्रेनों में हलाल प्रमाणित सामिष परोसे जाने की खबरों को निराधार बताया है और कहा है कि रेलवे ने गाड़ियों में हाल प्रमाणित मांसाहार परोसने के बारे में कभी कोई निर्देश नहीं दिया है। इस संबंध में मीडिया की कुछ खबरों पर […]

You May Like