मुंबई, 10 जून (वार्ता)अभिनेत्री और मनोरंजन जगत की चर्चित हस्ती निकिता रावल आगामी कॉमेडी-कुकिंग रियलिटी शो मां है ना में अपने नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएंगी। यह शो 12 जून 2026 से जी 5 पर प्रसारित होगा।शो में निकिता रावल बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। ‘मां है ना’ भोजन, हास्य और पारिवारिक रिश्तों के माध्यम से मातृत्व की भावना का उत्सव मनाने वाला कार्यक्रम है, जिसमें मनोरंजन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता दी गई है। अपनी जीवंत व्यक्तित्व और प्रभावशाली स्क्रीन उपस्थिति के लिए पहचानी जाने वाली निकिता रावल की एंट्री को लेकर दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है। शो में सेलिब्रिटी मेहमानों की मौजूदगी, मनोरंजक चुनौतियां और परिवार से जुड़े भावनात्मक क्षण देखने को मिलेंगे।
इस शो का हिस्सा बनने पर खुशी व्यक्त करते हुए निकिता रावल ने कहा कि यह कार्यक्रम हर घर और हर मां की भावनाओं को समेटे हुए है। उनके अनुसार, यह केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं बल्कि परिवार, प्यार और मां के महत्व का उत्सव है, जिससे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे। निकिता के लिए यह शो दर्शकों के साथ भावनात्मक स्तर पर जुड़ने का एक नया अवसर माना जा रहा है। विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकीं निकिता अब एक ऐसे मंच पर नजर आएंगी, जहां मनोरंजन के साथ पारिवारिक मूल्यों और संवेदनाओं को भी प्रमुखता दी गई है।
वहीं, स्वास्थ्य, खान-पान और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ी अपनी छवि के लिए मशहूर शिल्पा शेट्टी और निकिता रावल की जोड़ी शो का बड़ा आकर्षण मानी जा रही है। दोनों की ऊर्जा और प्रस्तुति से कार्यक्रम को विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है। हंसी, भावनाओं और प्रेरक कहानियों से भरपूर ‘मां है ना’ को इस सीजन के बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो में शामिल माना जा रहा है। 12 जून को इसके प्रीमियर का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

