मंदिर दर्शन करने निकली वृद्ध महिला से लाखों के आभूषण ठगे

सतना : जिले की नागौद तहसील में नायब तहसीलदार की पत्नी से लाखों रुपए के आभूषण ठगे जाने की घटना को लेकर पुलिस की जांच अभी परवान भी नहीं चढ़ पाई थी, कि ठीक वैसी ही घटना अब शहर में सामने आ गई. रीवा रोड से सटे पॉश क्षेत्र में सुबह सवेरे मंदिर दर्शन के लिए निकलीं वृद्ध महिला को प्रभावित कर 2 युवकों ने लाखों रुपए के सोने के आभूषण ठग लिए. महज 24 घंटे में दुस्साहसिक तरीके से सामने आईं लगातार 2 घटनाओं ने कानून-व्यवस्था के लिहाज से कड़ी चुनौती प्रस्तुत कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की घनश्याम कालोनी की निवासी 63 वर्षीय महिला श्रीमती आशा जैन पति चंपालाल जैन सोमवार की सुबह अपने घर से कृष्ण नगर क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पैदल जा रही थीं. सुबह के लगभग साढ़े 7 बजे जैसे ही वे होटल पार्क के निकट पहुंची वैसे ही अचानक एक युवक उनके पास पहुंच गया. युवक ने चलते-चलते ही महिला के साथ बातचीत करनी शुरु कर दी.

घर परिवार का हाल चाल जानने के बहाने युवक ने एक बार फिर से वृद्ध महिला की सारी परेशानी दूर कर देने का दावा किया. इसी दौरान एक अन्य युवक भी वृद्ध महिला के पास पहुंच गया. दोनों ने मिलकर कुछ इस तरह का भ्रमजाल रचाया कि कुछ ही देर में वृद्ध महिला ने अपनी सोने की चैन, कान के 2 झुमके, और 2 अंगूठियां उताकर युवकों को सौंप दिए. जिसके फौरन बाद ही दोनों वहां से नदारद हो गए. कुछ देर बाद जब वृद्ध महिला की तंद्रा टूटी तो उन्हें अपने ठगे जाने का एहसास हुआ. लिहाजा उन्होंने फौरन ही अपने बेटे को फोन कर घटना के बारे में बताया. लिहाजा बेटे द्वारा घटना की सूचना कोलगवां पुलिस को दी गई. गौरतलब है कि कई घंटे बीतने के बाद भी वृद्ध महिला उक्त घटना से उबर नहीं पा रही हैं.
 सीसीटीवी में दिखे आरोपी
घटना की सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो उसमें दोनों आरोपी नजर आ गए. फुटेज में स्पष्ट नजर आ रहा है कि दोनों आरोपियों ने झांसे में लेते हुए बड़ी ही आसानी से वृद्ध महिला के सोने के आभूषण उतरवाकर अपने पास रख लिए और वहां से भाग निकले. गौरतलब है कि लगभग इसी तरह की घटना महज 24 घंटे पहले जिले की नागौद तहसील मुख्यालय में सामने आई थी. जहां पर एसडीएम बंगले के सामने टहल रहीं नायब तहसीलदार की पत्नी को भ्रमजाल में फंसाकर लाखों रु के सोने के आभूषण ठग लिए गए थे. हलांकि पुलिस द्वारा जांच-कार्रवाई की दावा किया जा रहा है. लेकिन आरोपियों के बारे में अब तक कोई ठोस लीड पुलिस के हाथ नहीं लग सकी है.

Next Post

आरोपी के पास मिली 53.1 लीटर अवैध शराब, पहले से दर्ज हैं 11 प्रकरण

Tue Sep 30 , 2025
सतना: मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर जब पुलिस टीम ने छापेमारी की तो एक व्यक्ति के पास से 53.1 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। वहीं कुण्डली खंगालने पर आरोपी आदतन अपराधी निकला। आरोपी की विरुद्ध पहले से ही 11 प्रकरण दर्ज हैं।थाना प्रभारी ताला महेन्द्र कुमार मिश्रा से […]

You May Like

मनोरंजन