अमेरिका ने छात्र वीजा साक्षात्कार समय देने पर लगायी रोक

वाशिंगटन 28 मई (वार्ता) अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन ने अपने दूतावासों से कहा है कि वे फिलहाल छात्र वीजा के लिए साक्षात्कार की तिथि निर्धारित न करें।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को राजनयिकों को भेजे गए पत्र में कहा कि यह रोक अगले आदेश तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि छात्र वीजा के आवेदकों के सोशल मीडिया की जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है जिसे देखते हुए फिलहाल छात्र वीजा के लिए साक्षात्कार समय देने पर रोक लगायी जा रही है। यह नहीं बताया गया है कि जांच में क्या-क्या शामिल होगा।

बीबीसी के मुताबिक ट्रंप प्रशासन ने पहले ही छात्रों के सोशल मीडिया की जांच शुरू दी है जिसमें मुख्य रूप से यह देखा जा रहा है कि उनमें ‘आतंकवादी गतिविधियों का’ समर्थन तो नहीं किया गया है। गौरतलब है कि जो विदेशी छात्र अमेरिका में अध्ययन करना चाहते हैं, उन्हें स्वीकृति से पहले अपने देश में अमेरिकी दूतावास में साक्षात्कार देना पड़ता है और इसके लिए पहले समय लेना पड़ता है।

यह निर्देश ऐसे समय पर आया है, जब ट्रम्प प्रशासन और देश के कुछ प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों के बीच तनातनी चल रही है। प्रशासन इन संस्थानों को वामपंथी विचारधार से प्रेरित मानता है। उसने इन संस्थानों को करोड़ों डॉलर की वित्तीय सहायता पर रोक लगा दी है और कई छात्रों को देश से बाहर भेजने तथा कई वीजा रद्द करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इनमें से कुछ कार्रवाइयों पर अमेरिकी अदालतों ने रोक लगा दी है।

व्हाइट हाउस ने कुछ अमेरिकी विश्वविद्यालयों के परिसरों में फिलिस्तीनी समर्थकों की सक्रियता और यहूदी-विरोधी भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कॉलेजों ने ट्रम्प प्रशासन पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार को दबाने का आरोप लगाया है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय मुख्य रूप राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नाराजगी का केंद्र बना हुआ है। पिछले सप्ताह, ट्रम्प प्रशासन ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों के दाखिले और विदेशी शोध कर्ताओं को आमंत्रित करने पर रोक लगा दी थी, लेकिन एक संघीय अदालत ने प्रशासन के फैसले पर रोक लगा दी है।

Next Post

महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य पर निकली वाहन रैली

Wed May 28 , 2025
सागर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप व महाराज छत्रसाल जयंती के उपलक्ष्य में युवा नेता अविराज सिंह के नेतृत्व में वाहन रैली सिविल लाइंस पहुंची। जिसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया, हजारों वाहनों पर लोग रैली में शामिल। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like