
गुना। दीपावली पर्व के मौके पर वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचीं और स्थानीय दुकानदारों से दीपावली से जुड़ी वस्तुओं की खरीदी की। उन्होंने मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, तोरण, सजावटी सामग्री और हस्तनिर्मित वस्तुएं खरीदकर लोगों को स्थानीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। नपाध्यक्ष सविता गुप्ता ने इस दौरान दियों को बेचने वाले कुम्हारों और छोटे व्यापारियों से बातचीत की और उनके हालचाल पूछे। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद न केवल सस्ते और टिकाऊ होते हैं, बल्कि यह हमारे स्वदेशी कारीगरों और छोटे उद्यमियों की आजीविका का मुख्य साधन भी हैं। इसलिए हमें दीपावली जैसे पर्वों पर मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने दुकानदारों से बिक्री और ग्राहकी की स्थिति की जानकारी ली और लोगों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत अभियान में योगदान दें। इस दौरान उन्होंने बाजार में स्थानीय सजावट सामग्री विक्रेताओं से भी चर्चा की और उन्हें नगर पालिका की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शहर के बाजारों में दीपोत्सव की रौनक के बीच नपाध्यक्ष की यह पहल न केवल उत्साहजनक रही, बल्कि छोटे कारोबारियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनी। कई दुकानदारों ने बताया कि इस तरह के प्रयास से स्थानीय उत्पादों की बिक्री में वृद्धि होती है और आत्मनिर्भरता की भावना को बल मिलता है।
