मुंबई, 10 जून (वार्ता) उभरती हुई कलाकार रेवती माहुरकर जल्द ही अभिनेता और रियलिटी शो स्टार प्रिंस नरूला के साथ एक नए म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाली हैं। इस प्रोजेक्ट में रेवती का एक अलग और आकर्षक रूप देखने को मिलेगा।रेवती अपनी प्रभावशाली स्क्रीन उपस्थिति और ऊर्जावान डांस परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। आगामी गाने की शूटिंग के दौरान उन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए पूरी रात हाई-एनर्जी डांस सीक्वेंस की शूटिंग की। उन्होंने सुबह पांच से छह बजे तक लगातार हील्स पहनकर डांस किया। अपने अनुभव को साझा करते हुए रेवती ने कहा कि शूटिंग काफी चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन हर डांस स्टेप इतना रोमांचक था कि उन्हें लगातार ऊर्जा मिलती रही। उन्होंने कहा कि वह दर्शकों के सामने इस गाने के आने और लोगों द्वारा इसकी कोरियोग्राफी को दोहराए जाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
म्यूजिक वीडियो में रेवती तीन अलग-अलग लुक में दिखाई देंगी, जिससे उन्हें अपने अभिनय, भाव-भंगिमाओं और नृत्य कौशल की विविधता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। फिल्म और संगीत जगत के जानकार इस प्रोजेक्ट की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इसके जुलाई के अंत तक रिलीज होने की संभावना है। रेवती माहुरकर इससे पहले ‘कत्ल’, ‘तेवर’ और ‘मस्कारा’ जैसे प्रोजेक्ट्स में अपने काम से पहचान बना चुकी हैं। वहीं प्रिंस नरूला के साथ उनका यह सहयोग भी दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर रहा है। मनोरंजन जगत में लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहीं रेवती के लिए यह म्यूजिक वीडियो उनके करियर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। उनके समर्पण और मेहनत की झलक इस प्रोजेक्ट में साफ दिखाई देने की उम्मीद है।

