‘यादें’ में होगा बड़ा खुलासा, सामने आएगी देव और वाणी के रिश्ते की सच्चाई

मुंबई, 10 जून (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक यादें में आने वाले एपिसोड्स में एक बड़ा खुलासा दर्शकों को भावनात्मक मोड़ पर ले जाएगा। शो में डॉ. देव मेहता की खोई हुई यादों की तलाश अब ऐसी सच्चाई तक पहुंचने वाली है, जो कई जिंदगियों को बदल देगी। कहानी के अनुसार, आठ वर्षों की यादें खो चुके डॉ. देव मेहता, जिनकी भूमिका इक़बाल खान निभा रहे हैं, अपने अतीत और उस महिला की तलाश में हैं जिससे वह कभी प्रेम करते थे और विवाह करने वाले थे। एक दुर्घटना के कारण उनकी याददाश्त चली गई थी, जिसके बाद से वह अपने अतीत के बिखरे हुए सूत्रों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

आने वाले एपिसोड्स में डॉ. सृष्टि, जिनकी भूमिका गुलकी जोशी निभा रही हैं, देव की इस तलाश में मदद करती हैं। जांच और खोज के दौरान उन्हें पता चलता है कि जिस रहस्यमयी महिला को देव खोज रहे हैं, वह कोई और नहीं बल्कि डॉ. वाणी हैं, जिनका किरदार सृष्टि सिंह निभा रही हैं।यह खुलासा डॉ. सृष्टि को हैरान कर देता है। इसके साथ ही उन्हें देव और वाणी के गहरे रिश्ते तथा देव की याददाश्त खोने के बाद वाणी द्वारा चुपचाप सहे गए दर्द का भी एहसास होता है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए गुलकी जोशी ने कहा कि यह खुलासा डॉ. सृष्टि के लिए पूरी तरह अप्रत्याशित है। उनके अनुसार, अब तक सृष्टि केवल देव को उनके अतीत की झलकियां याद दिलाने में मदद कर रही थीं, लेकिन यह जानने के बाद कि देव जिस महिला को खोज रहे हैं वह वाणी हैं, पूरी स्थिति बदल जाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले एपिसोड्स में तीनों पात्रों की भावनात्मक जद्दोजहद और रिश्तों की गहराई को दर्शाया जाएगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सृष्टि, देव और वाणी को दोबारा एक-दूसरे तक पहुंचाने में सफल होंगी या यह सच्चाई उनके जीवन में नई चुनौतियां लेकर आएगी। दर्शक यह धारावाहिक सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर देख सकते हैं।

.....

Next Post

बागेश्वर धाम में सांसद वीडी शर्मा ने किया हवन-पूजन

Wed Jun 10 , 2026
छतरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर खजुराहो लोकसभा सांसद वीडी शर्मा ने बुधवार को पावन तीर्थ श्री बागेश्वर धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अनुष्ठान एवं हवन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी […]

You May Like