
छतरपुर। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य एवं चिकित्सा) अशोक वर्णवाल सोमवार को छतरपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का प्रयास है कि मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी वर्ष शुरू किया जाए।
गौरगांय स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में अपर मुख्य सचिव ने भू-तल से लेकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी, प्रशासनिक भवन, लेक्चर हॉल, परीक्षा कक्ष, मुख्य प्रवेश द्वार, गार्डन एरिया और हॉस्टल सहित विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के लिए फर्नीचर की टेंडर प्रक्रिया तत्काल पूरी कर ऑर्डर जारी किए जाएं तथा भवन के सभी शेष कार्य बेहतर गुणवत्ता और फिनिशिंग के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। साथ ही हॉस्टल क्षमता और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपचार सुविधाओं और विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे को जिले के स्वास्थ्य ढांचे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शासन स्तर पर इसे शीघ्र प्रारंभ करने की तैयारी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से छतरपुर सहित बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा और मेडिकल शिक्षा का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
