भोपाल। बागसेवनिया इलाके में साइबर ठगों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर अपना शिकार बनाया। ठगों ने उपभोक्ता नंबर अपडेट करने का बहाना बनाकर पहले फोन किया, फिर व्हाट्सएप पर एक एपीके (APK) फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने के लिए कहा। इसके बाद प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर केवल 12 रुपये का ऑनलाइन भुगतान कराया गया। इसी दौरान यूपीआई से जुड़ी जानकारी हासिल कर ठगों ने बुजुर्ग के बैंक खाते तक पहुंच बना ली।
कुछ ही मिनटों में एसबीआई खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 90,521 रुपये निकाल लिए गए। इतना ही नहीं, पीड़ित का व्हाट्सएप अकाउंट भी हैक कर लिया गया, जिसके बाद उनके परिचितों को संदिग्ध संदेश भेजे जाने लगे। शिकायत मिलने पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पिछले एक वर्ष में भोपाल में साइबर ठगी के 1,197 मामले सामने आए हैं, जिनमें 32.48 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान एपीके फाइल, लिंक या बिजली बिल अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
