जबलपुर:गढ़ा में युवती से बातचीत करने के विवाद को लेकर एक डिलीवरी बॉय का अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने पहले उसे झांसा देकर बुलाया, फिर जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए और लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और साजिश रचने की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंचशील नगर, इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक पासी स्विगी कंपनी में फूड डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह अपनी ड्यूटी पर चौधरी मोहल्ला रामपुर के पास मौजूद था। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाले मानव चौधरी का उसके मोबाइल पर फोन आया। मानव ने कहा कि गुलाटी पेट्रोल पंप के पास उसकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया है, वह मदद के लिए आ जाए।
अभिषेक ने जब वहां जाने से मना किया, तो मानव ने उसे सुविधा मार्केट के पास आने को कहा। अभिषेक जब मानव की मदद के लिए सुविधा मार्केट पहुंचा और उसे कॉल किया, तो मानव ने फोन रिसीव नहीं किया। इसी बीच वहां दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच बदमाश रोहन ठाकुर, चीकू पटेल, युवी, कृष्णा तिवारी और नितेश आ धमके। वे आते ही अभिषेक के साथ बेवजह विवाद करने लगे। जब अभिषेक ने विरोध किया, तो आरोपियों ने जबरन उसे अपनी बाइक पर बीच में बैठा लिया। बाइक चीकू पटेल चला रहा था और युवी ने अभिषेक को पीछे से कसकर पकड़ रखा था। बदमाशों का एक अन्य साथी अभिषेक की मोटरसाइकिल लेकर उनके पीछे चल दिया।
गंगासागर ले जाकर की बेरहमी से मारपीट-
आरोपी पीड़ित अभिषेक को अगवा कर गंगासागर गढ़ा के सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने विवाद की असली वजह बताते हुए कहा कि बदनपुर की रहने वाली एक लड़की पहले रोहन ठाकुर से बात करती थी, लेकिन अब वह अभिषेक से बात करने लगी है। इसी बात की खुन्नस में सभी आरोपियों ने मिलकर अभिषेक को घेरा और लात-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस जानलेवा हमले में पीड़ित के हाथ-पैर, पीठ और पूरे शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
