शादी से लौट रहा युवक हादसे का शिकार, पेड़ से टकराकर मौत

रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रात में घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुबह तलाश करने पर उसका शव सडक़ किनारे एक मोड़ पर पेड़ के पास मिला।

मृतक की पहचान ईश्वर डोडियार निवासी भडानखुर्द के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और शव की शिनाख्त कर उसे बाजना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार ईश्वर मंगलवार को ग्राम देवली में आयोजित शादी (नोतरे) में शामिल होने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर सुबह उसकी तलाश शुरू की गई, तभी हादसे की जानकारी सामने आई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ईश्वर सुबह करीब 5 बजे देवली से बाइक से निकला था। बाजना-कुशलगढ़ मार्ग के एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पेड़ और पत्थरों के बीच जा टकराया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ईश्वर की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। वह खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। बाजना थाना प्रभारी मनीष डाबर के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का संतुलन बिगडऩा सामने आया है, मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस के अनुसार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Next Post

आरडीए में नियुक्तियां, पोरवाल बने अध्यक्ष, गोविंद काकानी और प्रवीण सोनी बने उपाध्यक्ष, 5 सदस्य भी नियुक्त 

Wed Apr 29 , 2026
रतलाम। लंबे समय से खाली पड़े रतलाम विकास प्राधिकरण (आरडीए) में आखिरकार नियुक्तियों का इंतजार खत्म हो गया है। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत वरिष्ठ नेता मनोहर पोरवाल को प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गोविंद काकानी एवं प्रवीण […]

You May Like