
रतलाम। लंबे समय से खाली पड़े रतलाम विकास प्राधिकरण (आरडीए) में आखिरकार नियुक्तियों का इंतजार खत्म हो गया है।
मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत वरिष्ठ नेता मनोहर पोरवाल को प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही पांच सदस्यों की नियुक्ति के बाद अब प्राधिकरण की नई टीम पूरी तरह से सक्रिय हो गई है।
नवनियुक्त सदस्यों में राजेन्द्र सिंह गोयल, राजेन्द्र मौर्य, धीरज व्यास, श्रीमती राखी व्यास एवं श्रीमती किरण महावर को शामिल किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद शहर में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अध्यक्ष और सदस्यों के अभाव में कई महत्वपूर्ण योजनाएं अटकी हुई थीं, लेकिन अब नई टीम के गठन से निर्णय प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
भोपाल स्थित मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां ‘मध्य प्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973’ की धारा-40 के तहत की गई हैं, जो कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
नई टीम के गठन के बाद अब मास्टर प्लान, आवासीय योजनाएं, सडक़ और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से फैसले लिए जा सकेंगे। नागरिकों को भी उम्मीद है कि इससे शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी और अधूरी योजनाएं जल्द पूरी होंगी।
