
सिंगरौली। जिले में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिखने लगता है, जो शाम करीब 6 बजे तक बना रहता है।
आसमान से मानो आग बरस रही हो और लू के थपेड़े लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर रहे हैं। दोपहर के समय शहर की सड़के सूनी नजर आने लगी हैं। बाजारों में चहल-पहल कम हो गई है और जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। दोपहर 12:30 बजे छुट्टी होने के कारण बच्चे तपती धूप में घर लौटने को मजबूर हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच कई बच्चों को चक्कर आना, थकावट और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उधर जिला अस्पताल सहित निजी चिकित्सकों ने भी लू को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चिकित्सको का कहना है कि तेज धूप में निकलने से बचें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और हल्का व पौष्टिक भोजन करें। इधर मौसम के बदले मिजाज ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते मंगलवार की रात करीब 12 बजे रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ था, जिससे कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हुआ, लेकिन उमस बढ़ने से परेशानी और बढ़ गई। जानकारों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में हल्की बूंदाबांदी या आंधी की संभावना बन सकती है। हालांकि गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
