जलूद सोलर प्लांट लोकार्पित: इंदौर को मिलेगी सस्ती बिजली, ग्रीन बॉन्ड से निवेशक घर बैठे कमाएंगे मुनाफा

इंदौर। जलूद सोलर पॉवर प्लांट का लोकार्पण मध्यप्रदेश के साथ देशभर के लिए महत्वपूर्ण है. यहां सूर्य के प्रकाश को बिजली के रूप में बदलकर इंदौर नगर निगम लाभान्वित हो रहा है. लगभग 60 मेगावॉट क्षमता की इस परियोजना में भारत सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग मिला है. ग्रीन बॉन्ड स्कीम के माध्यम से इस परियोजना में देश की जनता को भागीदार (पार्टनर) बनाया है. पीपीपी मोड में कार्य करने वाला यह अपनी तरह का देश का प्रथम संयंत्र है. इस तरह से नाते इस राष्ट्रीय उपलब्धि का श्रेय मध्यप्रदेश को जाता है.

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही. मुख्यमंत्री डॉ. यादव खरगोन जिले में महेश्वर के निकट जलूद में 271 करोड़ की लागत से बने 60 मेगावाट सोलर पॉवर प्लांट का लोकार्पण कर संबोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संयंत्र का अवलोकन भी किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस परियोजना में कोई भी व्यक्ति एक-एक लाख के 10 बॉन्ड खरीद सकता है. एक लाख पर लगभग 8 प्रतिशत की बचत होगी, जिसका लाभ 20 साल तक मिलेगा. अगर जरूरत पड़े तो इस बॉन्ड को बेचा भी जा सकता है. इस प्रकार से राज्य सरकार ने घर बैठे लोगों को पैसे कमाने का अवसर दिया है. मध्यप्रदेश सबसे सस्ती बिजली देने वाला राज्य है. हमारी बिजली से दिल्ली में मेट्रो ट्रेन चल रही है. जलूद सोलर पॉवर प्लांट का भूमि-पूजन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2023 में किया था.

यह थे उपस्थित

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट , महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव , सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी, विधायकगण ऊषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, विधायक सचिन बिरला रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मधु वर्मा के अलावा अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.

दोहरा लाभ मिलेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जलूद सोलर पॉवर प्लांट से दोहरा लाभ मिलेगा. इंदौर नगर निगम को बिजली तो मिलेगी ही, साथ में कार्बन उत्सर्जन भी कमी आएगी. बिजली उत्पादन में ग्रीन एनर्जी का नवाचार सर्वोत्तम है. इस परियोजना की लागत 10 साल में निकल जाएगी, अगले 10 साल सिर्फ लाभ के होंगे. मध्यप्रदेश बदल रहा है. एक समय था, जब रात में बिजली कटौती होती थी, दिन में बिजली तो मिलती ही नहीं थी.

जनभागीदारी से बना देश का पहला सोलर प्लांट

महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जलूद में 300 करोड़ लागत के 60 मेगावाट क्षमता के सोलर पॉवर प्लांट का शुभारंभ हुआ है. यह ऐतिहासिक प्लांट केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई ग्रीन बॉन्ड व्यवस्था की मदद से बनकर तैयार हुआ है. इंदौर नगर निगम देश का पहला नगरीय निकाय है, जिसने ग्रीन बॉन्ड के माध्यम से फंड जुटाया है. इस सोलर प्लांट में देश के 28 राज्यों का योगदान मिला है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में महेश्वर में जनभागीदारी से बने देश के पहले सोलर प्लांट का सपना साकार हो पाया है.

इंदौर के इतिहास में लिखा जा रहा नया अध्याय

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि आज इंदौर के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने देश को ग्रीन एनर्जी का हब बनाने का संकल्प लिया है और इसी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे बढ़ा रहे हैं.

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि भारत ग्रीन एनर्जी सेक्टर में काम करने वाला दुनिया का अग्रणी देश है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कार्यक्रम में विधायक श्री राजकुमार मेव ने महेश्वर और इंदौर क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगातों के लिए आभार माना.

Next Post

अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मी बने मिसाल, 9 को मिला सम्मान

Wed Apr 29 , 2026
रतलाम। एसपी अमित कुमार की अभिनव पहल के तहत जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की नई परंपरा शुरू की गई है। साप्ताहिक समीक्षा के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है, जिससे पुलिस बल […]

You May Like

मनोरंजन