भरतपुर, 01 मई (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धर्म की आड़ में सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके सरकारें बनाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि जिनको लोकतंत्र पर यकीन नहीं है ऐसे लोग सत्ता में आकर बैठ गए हैं।
श्री गहलोत आज भरतपुर जिले के बयाना के सूपा गांव में पूर्व विधायक दिवंगत बृजेंद्र सिंह सूपा की प्रतिमा के अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की वजह से देश और राज्य की हालत बेहद चिंताजनक है। धर्म के नाम पर सरकार बनाना बहुत आसान है। ये लोग लोकतंत्र के हत्यारे हैं। सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके चुनाव जीतते है।
उन्होंने कहा, “राजस्थान में निकम्मी और नाकारा सरकार आकर बैठ गई है। इन्होंने हमारी सरकार की योजनाओं को कमजोर कर दिया । भजनलाल की शक्ल देखने को भरतपुर के लोग तरसते है, लेकिन वह लोगों के बीच आते ही नहीं हैं।”
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री अशोक चांदना, सांसद संजना जाटव, भजनलाल जाटव के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
