
रीवा। रीवा शहर के व्यस्त समान ओव्हरब्रिज पर शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश पीड़ित के गले से लगभग 1.80 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक ओव्हरब्रिज से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और तेज गति से भाग निकले। वारदात इतनी तेजी से हुई कि युवक शोर भी नहीं मचा सका।
सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
