जबलपुर: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करना पांच वाहन मालिकों और चालकों को भारी पड़ गया। बेलबाग थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की है। स्टंटबाजी में इस्तेमाल हो रही ब्लैक थार और दो मारुति फ्रॉन्क्स कारों को भी जब्त कर लिया गया है।
दरअसल, 28 अक्टूबर को पुलिस को स्टंटबाजी का वीडियो मिला था। इसमें युवक चलती कारों के दरवाजों से बाहर लटककर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे। इस दौरान कारों के इंडिकेटर और इमरजेंसी लाइट्स भी चालू थीं। इस तरह की लापरवाही से सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो सामने आने के बाद बेलबाग पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहनों और उनके मालिकों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, ब्लैक थार (MP 20 ZX 9124) की मालकिन मीनाक्षी जाट हैं, जबकि इसे सत्यजीत जाट चला रहा था। मारुति फ्रॉन्क्स (MP 20 ZP 2660) के मालिक अभिजीत जाट हैं और इसे गौरव उर्फ प्रिंस विश्वकर्मा चला रहा था। दूसरी फ्रॉन्क्स (MP 20 ZG 2375) के मालिक श्रीराम जाट हैं और इसे पीयूष जाट चला रहा था।
इसके अलावा, स्विफ्ट कार (MP 20 ZD 3437) और फॉर्च्यूनर (MP 20 CF 2710) से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने वाहन चालकों की पहचान कर कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में कुल पांच वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने और व्यूज बटोरने के लिए सड़क पर स्टंट करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
