सतना : लापता महिला का शव 1 दिन बाद नहर में मिलने की घटना से लोग इस कदर आक्रोशित हो गए कि उन्होंने सतना-रीवा मुख्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया.
इस मामले में जहां मृतका के पति का कहना है कि अस्पताल में दिखाने के बाद पत्नी को विद्यालय के सामने छोड़ दिया था. वहीं दूसरी ओर मृतका के माएके पक्ष के लोगों ने पति पर हत्या कर करने का गंभीर आरोप लगाया है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत मरोह गांव की निवासी 22 वर्षीय महिला सरस्वती दाहिया की तबियत कुछ गड़बड़ थी. जिसके चलते पति राजकुमार उसे दिखाने के लिए शनिवार को माधवगढ़ आया था.
जहां पर दिखाने के बाद उसने पत्नी को शासकीय विद्यालय के सामने छोड़ दिया और फिर मटेहना की ओर चला गया. लेकिन जब घर पहुंचने पर मालुम हुआ कि सरस्वती वापस नहीं पहुंची तो खोजबीन शुरु की. इसी कड़ी में थाने पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत की. लेकिन इस मामले में गंभीर मोड़ तब आ गया जब रविवार को बरहा गांव के निकट नहर में महिला का शव पाया गया. जिसकी पहचान सरस्वती के तौर पर हुई. इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतका सरस्वती के माएके पत्रा के लोग इटौरा गांव से वहां पहुंच गए. माएके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि पति राजकुमार ने सरस्वती की हत्या कर उसके शव को नहर में फेंक दिया है.
आधे घंटे बाधित रहा मार्ग
देखते ही देखते आक्रोशित माएके पक्ष के लोगों ने सतना-रीवा मुख्य मार्ग पर कृपालपुर में शहीद पार्क के सामने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. जिसके कारण उक्त मार्ग बाधित हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइस देनी शुरु की. पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन मार्ग से हटने को राजी हो गए. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया. पुलिस के अनुसार विस्तृत पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
