आष्टा में पथराव की घटना के बाद सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शहर रहा बंद, चार आरोपी गिरफ्तार

सीहोर/आष्टा। दो दिन पहले रविवार को आष्टा के अलीपुर क्षेत्र में करणी सेना के वाहनों के काफिले पर पथराव की घटना के बाद से लोगों में आक्रोश बना हुआ है. मंगलवार को विरोध स्वरूप दोपहर तक शहर बंद का व्यापक असर देखने को मिला. हालांकि पार्वती थाना पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

तहसील मुख्यालय आष्टा के अलीपुर में करणी सेना और समुदाय विशेष वर्ग के लोगों के बीच रविवार रात उपजे विवाद के बाद से ही तनाव का माहौल बना है. मंगलवार को पत्थर फैंकने वाले व वाहनों में तोडफ़ोड़ कर उप्रदव मचाने वाले उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई को लेकर दोपहर 2 बजे तक आष्टा नगर पूरी तरह बंद रहा. शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. दुकानें बंद होने के कारण लोग चाय-पानी को तरस गए. दोपहर में करणी सेना, व्यापारी, हिन्दू संगठन और आमजन शासकीय सिविल अस्पताल चौराहे पर एकत्रित हुए और विरोध रैली निकाली. यह रैली खत्री मार्केट, बुधवारा से कन्नौद रोड होकर तहसील कार्यालय पहुंची. तहसील में भी आक्रोशित लोगों द्वारा दो घंटे तक नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया.

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उपद्रवियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा मिले और उनके मकानों पर बुल्डोजर चले, जिससे कि भविष्य में वापस कोई ऐसी घटना करने की हिम्मत तो दूर सोचने की कोशिश नहीं करे. एसडीएम नितिन कुमार टाले को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा. इसमें जल्द कदम उठाने की बात कही. एसडीएम और एसडीओपी आकाश अमलकर ने कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर प्रदर्शन मुश्किल से समाप्त किया. प्रदर्शन समाप्ति के बाद तहसील से निकली भीड़ के सड़क पर आने से जाम की स्थिति बन गई थी.

सुरक्षा की दृष्टि से आष्टा में अब भी 50 से ज्यादा पुलिस बल चौक-चौराहों पर तैनात होकर पूरी नजर बनाए हुए हैं। मंगलवार को भी एडिशनल एसपी सुनीता रावत, एसडीओपी आकाश अमलकर ने भ्रमण कर पूरे हालात का जायजा लिया. पुलिस की तरफ से आमजन से भी कहा जा रहा है कि वह शांति बनाए रखे और किसी अफवाह पर ध्यान नहीं दें. मामले में एसडीओपी आकाश अमलकर का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से नगर के विभिन्न चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहकर नजर बनाए हुए है.

प्रशासन ने एहतियातन लगाई धारा 163

कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए आष्टा नगर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लगा दी है. एसडीएम नितिन कुमार टाले ने इसके सबंध में आदेश जारी कर दिया है. पुलिस किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रही है. यदि किसी ने संदिग्ध या आपत्तिजनक पोस्ट, मैसेज किया या माहौल बिगाडऩे की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी.

अब तक पुलिस ने चार लोगों को दबोचा

घटना को अंजाम देने वाले करीब 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ पार्वती थाना पुलिस ने कई धारा में प्रकरण पंजीबद्ध किया है. पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सहित अन्य माध्यम से अज्ञात की पहचान करने में जुटी है. मंगलवार को पुलिस ने चार आरोपी अकील अहमद पिता अफ जल अहमद, अलीम उद्दीन पिता अमीन उद्दीन, फि रोज उद्दीन पिता जमाल उद्दीन, मुजफ्फर उद्दीन पिता जहीर उद्दीन की शिनाख्त कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटैज देखे जा रहे हैं.

Next Post

रंगारंग कार्यक्रमों से होगा भव्य पचमढी महोत्सव का आयोजन 26 से 29 दिसम्बर तक कार्निवाल

Tue Dec 23 , 2025
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश का प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में पचमढ़ी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन, जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ओर साडा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 26 से 29 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है, […]

You May Like

मनोरंजन