दिनदहाड़े मजदूर की चाकू गोदकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

इटारसी: शहर के व्यस्त रेलवे स्टेशन रोड पर सोमवार सुबह गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा के सामने एक मजदूर की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूरी घटना गुरुद्वारे में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में दो युवक मजदूर पर चाकू से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान ग्राम बेला बड़ा रामपुर निवासी विक्रम मेहरा (35) के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता था और परिवार का मुख्य कमाने वाला बताया गया है। मृतक के पिता कंछेदी लाल मेहरा के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे विक्रम से फोन पर बात हुई थी। उसने काम पर जाने की बात कही थी और शाम तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार को उसकी मौत की खबर मिल गई।
दो युवकों ने किया हमला, मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुद्वारे के सामने विक्रम पर दो युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद विक्रम सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई वारदात से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुद्वारे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।
परिवार का सहारा था विक्रम, दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया
विक्रम परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसके दो छोटे बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
स्टेशन रोड क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुद्वारा और स्टेशन रोड का क्षेत्र पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र से एक संदिग्ध शव मिलने की बात भी सामने आई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में पहले भी चाकूबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं। दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Next Post

हिमेश रेशमिया ने पहली बार रचा गरबा गीत 'जय अम्बे बोल'

Tue Sep 29 , 2026
मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता) राजश्री प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का नया गरबा गीत ‘जय अम्बे बोल’ रिलीज हो गया है। हिमेश रेशमिया के संगीत से सजे इस गीत को श्रेया घोषाल ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल मयूर पुरी ने लिखे हैं। आयुष्मान खुराना और […]

You May Like