कोलंबो, 05 फरवरी (वार्ता) सुफियान महमूद (तीन विकेट) के बाद जतिंदर सिंह (55), हम्माद मिर्जा (35) और जितेन रामानंदी (नाबाद 34) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ओमान ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप अभ्यास मैच में चार गेंदें शेष रहते जिम्बाब्वे को चार विकेट से हरा दिया।
आज यहां ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे ने ब्रायन बेनेट (56) और ताशिंगा मुसेकिवा (नाबाद 54) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 187 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। ब्रेंडन टेलर और डिओन मेयर्स ने 26-26 रनों का योगदान दिया। ब्रैड एवंस 11 रन बनाकर आउट हुये। ओमान की ओर से सुफियान महमूद ने तीन विकेट लिये। नदीम खान को दो विकेट मिले। शाह फैसल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ओमान के लिए कप्तान आमिर कलीम और जतिंदर सिंह की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 2.2 ओवर में 28 रन जोड़े। तीसरे ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने आमिर कलीम 11 गेंदों में 23 रन को आउटकर जिम्बाब्वे को पहली सफलता दिलाई। कलीम ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के भी लगाये। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये हम्माद मिर्जा ने जतिंदर सिंह के साथ 79 रनों की साझेदारी की। 10वें ओवर में ग्रेम क्रेमर ने हम्माद मिर्जा 25 गेंदों में 35 रन को आउटकर ओमान को दूसरा झटका दिया। वसीम अली (चार) रन बनाकर आउट हुये। 14वें ओवर में जतिंदर सिंह रिटायर्ड आउट हुये। जतिंदर सिंह ने 33 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। करण सोनावले (15) और विनायक शुक्ला 10 रन बनाकर आउट हुये। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर नदीम खान ने ब्रैड एवंस की गेंद पर चौका लगाकर स्कोर छह विकेट पर 188 कर अपनी टीम को चार विकेट से जीत दिला दी। जितेन रामानंदी ने 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 34 रन बनाये। नदीम खान चार रन बनाकर नाबाद रहे।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजारबानी ने दो विकेट लिये। ब्रैड एवंस, ग्रेम क्रेमर और रायन बर्ल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
