भोपाल। भारतीय किसान संघ मप्र द्वारा मूंग व उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर मांग की जा रही है. गुरूवार को भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार को तत्काल प्रदेश सरकार प्रस्ताव भेजे. आंजना ने किसानों के मुद्दों को लेकर कहा कि प्रदेश के मूंग व उड़द उत्पादक किसानों की समस्या को लेकर किसान संघ के सदस्यों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी चर्चा की है. मंत्री चौहान से मूंग व उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की अपील की गई है. आंजना ने बताया कि कृषि मंत्री ने कहा कि मप्र की सरकार यदि मूंग व उड़द खरीदने का प्रस्ताव केंद्र को भेजेगी तो केंद्र सरकार प्रदेश में इसके लिए समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की तत्काल स्वीकृति देने तैयार है. संघ के प्रदेश ने इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील की है किसान हित में संवेदनशीलता के साथ फसलों की खरीदी करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को तत्काल भेजे. इसके साथ ही स्वीकृति के बाद शनिवार से इन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की व्यवस्था शुरू की जाये. आंजना ने कहा कि प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत प्रदेश की सैकड़ों तहसीलों में धरना प्रदर्शन व ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की मांग की है.
