इंदौर: रविवार को शहर में सफ़ाई मित्रों की छुट्टी होने से शहर वासियों ने सफाई अभियान चलाया. शहर में सफाई अभियान की शुरुआत महापौर और निगम आयुक्त द्वारा राजबाडा से की. वाल्मीकि समाज के आराध्य देव गोगा नवमी पर्व पर आज सफाई मित्रों की छुट्टी होने से नगर निगम द्वारा हम भी स्वच्छताग्रही अभियान चलाया गया.पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि गोगा नवमी पर्व के कारण आज सफाई मित्रों का अवकाश होने से शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. इसी के चलते हम भी स्वच्छताग्रही अभियान की शुरुआत की गई है.
इंदौर जनभागीदारी से चलता है और जनभागीदारी हमारी सबसे बड़ी ताकत है. वहीं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने गली, मोहल्ले, वार्ड, झोन एवं क्षेत्र में हम भी स्वच्छताग्रही अभियान से जुड़कर जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं. निगम स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्वच्छता महा जनभागीदारी अभियान के तहत राजबाड़ा पर झाड़ू लगाई. इस दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, रहवासी संगठनों एवं नागरिकों ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लिया. इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य निरंजन सिंह चौहान,पार्षद रूपाली पेंढारकर, कंचन गिदवानी, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, ओ पी जायसवाल ग्रुप कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
आज दिल्ली में मिलेगा स्वच्छ वायु अवार्ड
महापौर ने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ इंदौर को स्वच्छ वायु का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है. आज शाम दिल्ली स्थित पर्यावरण भवन में स्वच्छ वायु अवार्ड दिया जाएगा। इसके लिए इंदौरवासियों एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी.
