पणजी, 26 जुलाई (वार्ता) रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में हुए रोमांचक ग्रैंड फ़िनाले में, यू मुंबा टीटी ने ज़बरदस्त वापसी करते हुए डेम्पो गोवा चैलेंजर्स के ऐतिहासिक अजेय क्रम (बिना हारे खेलने का सिलसिला) को तोड़ा और 8-5 से जीत हासिल कर अपना ‘बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीज़न 7’ का खिताब सफलतापूर्वक बचाया।
शुरुआती दो मैचों के बाद 4-2 से पिछड़ने के बाद, मौजूदा चैंपियन ने शानदार वापसी की। कप्तान मनुष शाह और अन्ना हर्सी ने मिक्स्ड डबल्स में दमदार जीत के साथ वापसी की शुरुआत की, जिसके बाद मनुष ने अल्वारो रोबल्स के ख़िलाफ़ कप्तान के तौर पर जीत हासिल की। इसके बाद अनुषा कुटुम्बले ने सिंड्रेला दास के ख़िलाफ़ एक रोमांचक निर्णायक मैच में संयम बनाए रखते हुए खिताब पक्का किया और गोवा को इस सीज़न की पहली और एकमात्र हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ यू मुंबा ने दो-दो खिताबों के साथ गोवा की बराबरी करते हुए प्रतियोगिता की सबसे सफल फ़्रैंचाइज़ी का दर्जा हासिल कर लिया।
यू मुंबा ने इसी महीने ड्रीम यूटीटी जूनियर्स का खिताब भी जीता था। इस तरह वह सीनियर और जूनियर दोनों खिताब एक ही सीजन में जीतने वाली पहली टीम बन गई।
