ग्वालियर:जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा कराई जा रहीं यूजी की परीक्षाओं में भिण्ड-मुरैना में लगातार नकलची पकड़े जाने और नकल के वीडियो वायरल होने से उच्च शिक्षा विभाग के एपीएस व आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई है। अफसरों ने विवि के प्रभारी कुलसचिव, एग्जाम कंट्रोलर व क्षेत्रीय अधिकारी से कहा कि जहां नकल हो रही है उन सेंटरों पर तत्काल एक्शन लिया जाए।
इसके बाद जेयू के प्रभारी कुलसचिव अरुण चौहान ने चार निजी कॉलेजों का परीक्षा केंद्र निरस्त करते हुए उन्हें शासकीय महाविद्यालयों में कर दिया है। साथ ही मुरैना में नकल पर रोक लगाने व परीक्षा कराने के लिए सहायक कुलसचिव कुलदीप चौहान सहित 11 कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है।आरोप है कि विवि के प्रभारी कुलसचिव सहित अन्य अफसरों ने भिण्ड-मुरैना में अधिकतर प्राइवेट कॉलेजों को परीक्षा सेंटर बना दिया है, जो धड़ल्ले से नकल करा रहे हैं। इसकी शिकायतें व वीडियो वायरल होने से भोपाल के वरिष्ठ अफसर भी नाराज हैं। उन्होंने भिंड और मुरैना के नकल माफियाओं पर सख्त लगाम कसने के लिए कहा है।
इन कॉलेजों के सेंटर किए निरस्त
-भिंड में दैपुरिया कॉलेज व नाथूराम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड मैनेजमेंट।
-मुरैना में टीएसएस कॉलेज व एसडीएमजे कॉलेज।
बदले में यहां बनाए गए हैं सेंटर
-भिंड के नाथूराम कॉलेज, पटेल कॉलेज, चौ. यदुनाथ सिंह कॉलेज, पीएस कॉलेज, पं. दीनदयाल कॉलेज, कांकर कॉलेज, एसपीएस कॉलेज की परीक्षा शासकीय एमजेएस कॉलेज भिंड में कराई जाएगी।
-मुरैना के एसआरडी कॉलेज, जयकृष्ण कॉलेज, केएस कॉलेज, जय श्रीराम बीएड कॉलेज, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टीएसएस कॉलेज,राजेंद्र प्रसाद कॉलेज, एमजीएम कॉलेज, स्वामी श्री रामकृष्ण परमहंस कॉलेज, बीआरएम कॉलेज की परीक्षा शासकीय लॉ कॉलेज मुरैना में परीक्षा होगी।
