पल्लेकेले 28 फरवरी (वार्ता) श्रीलंका के कप्तान दसून शानका ने आखिरी ओवरों में जबर्दस्त बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। लेकिन आखिरी दो गेंदो पर वह बड़ा शॉट नहीं खेल पाये और पाकिस्तान ये मुकाबला पांच रनों से जीत लिया। दसून शानका ने 31 गेंदों में आठ छक्के और दो चौके लगाते हुए (नाबाद 76 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान रनरेट के आधार पर मैच जीतने के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो गया है, वहीं न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने 33 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। पथुम निसंका (तीन) और कामिल मिशारा (26) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद चरित असलंका ने पवन रत्नायके के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिय 42 रन जोड़े। नौवें ओवर में अबरार अहमद ने चरित असलंका 18 गेंदों में (25) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कामिंडु मेंडिस (तीन) और जनित लियानगे (पांच) रन बनाकर आउट हुये। 18वें ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने पवन रत्नायके को बाउंड्री पर कैच आउट कराया। पवन रत्नायके ने 37 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 58 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 207 रन हीं बना सकी।
इससे पहले आज यहां साहिबजादा फरहान (100) और फखर जमां (82) विस्फोटक बल्लेबाजी के अबरार अहमद (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने टी-20विश्वकप के सुपर आठ में आठ विकेट पर 212 रनों विशाल स्कोर बनाया। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान और फखर जमां की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 176 रन जोड़े। 16वें ओवर में दुशमंता चमीरा ने फखर जमां को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। फखर जमां ने 42 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के लगाते हुए 82 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में दिलशान मदुशंका ने ख्वाजा नफे (दो) को अपना शिकार बना लिया। 18वें ओवर में शादाब खान (नौ) रनआउट हुये। अगले ओवर की दूसरी गेंद पर दसून शानका ने मोहम्मद नवाज और चौथी गेंद पर कप्तान आगा सलमान को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया।
20वें ओवर की पहली गेंद पर दिलशान मदुशंका ने साहिबजादा फरहान आउट कर दिया। साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में नौ चौके और पांच छक्के लगाते हुए 100 रन बनाये। पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाये। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका के लिये दिलशान मदुशंका ने तीन विकेट लिये। दसून शानका को दो विकेट मिले। दशमंता चमीरा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
