भागवत 18 दिसंबर को मुंबई में विश्व हिंदू कांग्रेस के उद्घाटन सत्र को करेंगे संबोधित

मुंबई, 08 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत 18 दिसंबर को यहां विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।

डब्ल्यूएचसी 2026 का आयोजन इस साल 18, 19 और 20 दिसंबर को यहां के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 60 से अधिक देशों से 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। इसमें हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, शिक्षाविद्, मीडिया प्रतिनिधि, पेशेवर तथा विभिन्न क्षेत्रों और संस्थाओं से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वैश्विक समागम में 45 से अधिक सत्र और 150 से अधिक वक्ता होंगे, जिनमें अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और हिंदू संगठन सहित विविध क्षेत्रों के नेता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

डब्ल्यूएचसी के प्रवर्तक स्वामी विज्ञानानंद ने इस समारोह के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विश्व हिंदू कांग्रेस अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया और राजनीति जैसे प्रभाव के प्रमुख क्षेत्रों में हिंदुओं को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक रणनीतिक और सुव्यवस्थित आंदोलन है। यह संगठनों, कार्यकर्ताओं और व्यक्तियों को साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प के साथ जुड़ने, सहयोग करने और योगदान देने का मंच प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचसी 2026 में चार विशेष पूर्ण सत्र आयोजित होंगे, जिसमें भाषा, समाज, विश्वकर्मा और धर्म शामिल है। इसमें भारत और विश्व के विभिन्न हिस्सों से विविध धार्मिक परंपराओं (जैसे हिंदू, बौद्ध, ताओ, शिंटो आदि धर्म-दर्शन), संप्रदायों, आध्यात्मिक संस्थानों और दार्शनिक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले आध्यात्मिक नेता एकत्रित होंगे।

इसके पहले विश्व हिंदू कांग्रेस का आयोजन नयी दिल्ली (2014), शिकागो (2018) और बैंकॉक (2023) में हुआ था। इस समारोह में श्री भागवत के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, हनुमान अंश फिल्म के लेखक विशाल चतुर्वेदी, गीतकार, पटकथा लेखक एवं कवि मनोज मुंतशिर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष कुमार चौहान और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिड़े सहित कई अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।

 

 

 

Next Post

वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च में कांग्रेस ने उठाई लोकतंत्र की आवाज

Thu Oct 8 , 2026
भोपाल। दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोके जाने एवं हिरासत में लिए जाने के विरोध में भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। […]

You May Like