ढाई महीने पहले लगे पेवर ब्लॉक तोड़े, लाखों बर्बाद

भोपाल। नगर निगम के अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा सरकारी खजाने को भुगतना पड़ रहा है। वायु प्रदूषण और सड़कों से उड़ने वाली धूल रोकने के लिए जिस काम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, उसे ढाई से तीन महीने के भीतर ही तोड़ा जा रहा है। भेल दशहरा मैदान से जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) की राशि से पेवर ब्लॉक लगवाए थे। अब आर्मी-डे परेड की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए इन्हें हटाया जा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि पेवर ब्लॉक को सावधानी से निकालकर दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय मशीनों से तोड़ा जा रहा है। इससे कुछ महीने पहले ही कराया गया निर्माण कार्य बेकार हो रहा है और सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। यह स्थिति नगर निगम की कार्ययोजना और विभागों के बीच समन्वय पर सवाल खड़े कर रही है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आर्मी-डे परेड के आयोजन की जानकारी अचानक मिली थी। पहले आयोजन की जानकारी नहीं होने के कारण वहां पेवर ब्लॉक लगवा दिए गए थे। हालांकि सवाल यह है कि शहर में होने वाले इतने बड़े आयोजन और उससे जुड़ी सड़क चौड़ीकरण की जरूरत का आकलन पहले क्यों नहीं किया गया। यदि विभागों के बीच समन्वय होता तो एक ही स्थान पर दो बार खर्च करने की नौबत नहीं आती।

एनसीएपी के 60 करोड़ में से सिर्फ 12.45 करोड़ खर्च

वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिलने वाली राशि के उपयोग की स्थिति भी चिंताजनक है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में नगर निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-25 में एनसीएपी के तहत आवंटित करीब 60 करोड़ रुपये में से केवल 12.45 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह कुल राशि का लगभग 21 प्रतिशत है। वहीं, वर्ष 2025-26 में इस मद से कोई राशि खर्च नहीं की गई। ऐसे में एक ओर प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिली राशि का पूरा उपयोग नहीं हो रहा, दूसरी ओर किए गए काम को कुछ महीनों में ही तोड़ा जा रहा है।

 

 

 

 

Next Post

गर्मी आने में अभी 4 माह बाकी, पानी की परेशानी अभी से शुरू

Sat Nov 28 , 2026
इंदौर: गर्मी आने में अभी चार महीने बाकी हैं, लेकिन नर्मदा जलप्रदाय योजना की परेशानियां अभी से बढ़ने लगी हैं. शहर के कई क्षेत्रों में पानी का दबाव कम होने और सप्लाई बंद होने से रहवासियों की चिंता बढ़ रही है.शहर के अन्य क्षेत्रों के साथ ही वार्ड क्रमांक 1 […]

You May Like