गर्मी आने में अभी 4 माह बाकी, पानी की परेशानी अभी से शुरू

इंदौर: गर्मी आने में अभी चार महीने बाकी हैं, लेकिन नर्मदा जलप्रदाय योजना की परेशानियां अभी से बढ़ने लगी हैं. शहर के कई क्षेत्रों में पानी का दबाव कम होने और सप्लाई बंद होने से रहवासियों की चिंता बढ़ रही है.शहर के अन्य क्षेत्रों के साथ ही वार्ड क्रमांक 1 से भी जल संकट का मामला सामने आया है. वार्ड के रानी पैलेस क्षेत्र की अंतिम गली के लोगों ने नवभारत को बताया कि यहां नर्मदा लाइन बिछने के बाद शुरुआती दिनों में रहवासियों को नियमित रूप से पानी मिलता था, लेकिन धीरे-धीरे सप्लाई प्रभावित होने लगी.

वर्तमान में क्षेत्र की कई गलियों में पानी का दबाव बेहद कम है, जबकि कुछ गलियों में नर्मदा लाइन से पानी पहुंचना पूरी तरह बंद हो चुका है. ऐसे में रहवासियों को सरकारी बोरिंग के भरोसे रहना पड़ रहा है. जरूरत पड़ने पर आसपास के क्षेत्रों या निजी बोरिंग से पानी लाना पड़ता है. रहवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले ही पानी की यह स्थिति चिंता बढ़ा रही है. शहर में जलप्रदाय के लिए बनाई गई विशाल टंकियों की क्षमता और वास्तविक मांग के बीच अंतर भी सप्लाई प्रभावित होने की वजह माना जा रहा है. ऐसे में जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है.

यह बोले रहवासी….

पानी कम तो आ ही रहा है, इसके अलावा पानी बहुत गंदा भी आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है. ज्यादा समस्या होने पर आसपास के क्षेत्र से पानी लाते हैं.
– मोहम्मद निजाम

क्षेत्र में नर्मदा लाइन और बोरिंग लाइन दोनों हैं. नर्मदा लाइन से दूषित पानी आता है. हम चाहते हैं कि आधा घंटा ही सही, पर नर्मदा का साफ पानी मिलना चाहिए.
– अफसाना बी

नर्मदा से पर्याप्त पानी नहीं आता, यदि बोरिंग खराब हो जाता है तो आसपास के मोहल्ले में पानी के लिए जाना पड़ता है. बड़ी मुश्किल से दो-चार बर्तन पानी मिलता है.
– नौशाद बी

Next Post

सब्जी वालों के लिए सड़क पर कांग्रेस

Sat Nov 28 , 2026
इंदौर. शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित फूटी कोठी चौराहे पर ब्रिज के नीचे से सब्जी विक्रेताओं को हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को सियासी पारा चरम पर रहा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सब्जी विक्रेताओं ने जोरदार […]

You May Like