ग्वालियर: शादी के महज पांच महीने बाद नवविवाहिता रजनी कुशवाह की मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान मृतका की रूटीन डायरी के चार पन्नों को सुसाइड नोट माना है। पुलिस के मुताबिक, डायरी में लिखी बातों और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और खुदकुशी के लिए विवश करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के चावड़ी बाजार में रहने वाली रजनी कुशवाह ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मृतका के भाई, मां और अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही रजनी को कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाते थे। परिजनों ने पति लीलाराम कुशवाह, सास सरिता कुशवाह और ननद दुर्गा कुशवाह पर रजनी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। मायके पक्ष ने नवविवाहिता की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया था।
