सब्जी वालों के लिए सड़क पर कांग्रेस

इंदौर. शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित फूटी कोठी चौराहे पर ब्रिज के नीचे से सब्जी विक्रेताओं को हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को सियासी पारा चरम पर रहा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सब्जी विक्रेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रशासन द्वारा ब्रिज के नीचे पुनः दुकानें लगाने की मांग अस्वीकार किए जाने के बाद पटवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और महिला-पुरुष विक्रेताओं ने मौके पर ही गिरफ्तारी दी.
पिछले एक सप्ताह से इस मुद्दे पर चल रहे धरना-प्रदर्शन की कड़ी में दोपहर को अन्नपूर्णा एसीपी कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता और कांग्रेसी एकत्र हुए. यहां से सभी ने अटल पथ होते हुए फूटी कोठी चौराहे की ओर मार्च शुरू किया. ब्रिज के पास पहुंचते ही भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोक दिया. मौके पर मौजूद एसीपी शिवेंदु जोशी लगातार माइक से अनाउंसमेंट करते रहे कि रैली और प्रदर्शन की अनुमति नहीं है, इसलिए सभी यहीं रुक जाएं.

पटवारी ने संभाला मोर्चा, पीड़ित महिला को थमाया माइक
बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद वहीं सभा शुरू हो गई. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मालिनी गौड़ ने बड़ी मल्टी इमारत वालों के हित साधने के लिए गरीबों को उजाड़ा है. उन्होंने कहा कि ब्रिज निर्माण के समय खुद उन्होंने भी विकास में सहयोग करते हुए सब्जी विक्रेताओं को पुल के नीचे (बोगदे में) व्यवस्थित जगह देने की बात कही थी, लेकिन अब गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है. पटवारी ने चेतावनी दी कि जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस एक दिन नहीं बल्कि हर हफ्ते और हर महीने प्रदर्शन करती रहेगी. इस दौरान पटवारी ने एक पीड़ित सब्जी विक्रेता महिला को अपनी बात रखने के लिए माइक सौंपा. भावुक होकर महिला ने कहा कि सरकार ने 10 हजार रुपए का पीएम स्वनिधि ऋण तो दे दिया, लेकिन जब दुकान ही नहीं लगाने देंगे तो किस्त कहां से चुकाएंगे? हम जैसे-तैसे अपना पेट भरते हैं.

10 मिनट में गिरफ्तारी और रिहाई, ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन और नारेबाजी तेज होने पर डीसीपी देवेंद्र रावत ने मौके पर ही सभी प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की घोषणा की. हालांकि, करीब 10 मिनट बाद पुलिस ने सभी को रिहा करने की घोषणा कर छोड़ दिया. प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया (जो दो दिन पहले इसी मामले में जेल गई थीं और गुरुवार को जमानत पर रिहा हुईं), पिंटू जोशी, अमन बजाज, राजू भदौरिया, सीमा सोलंकी, कुणाल सोलंकी, संजय बाकलीवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विक्रेता शामिल थे.

वीआईपी मूवमेंट जैसा नजारा, छात्र और वाहन चालक हुए परेशान
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने फूटी कोठी चौराहे के चारों ओर भारी बैरिकेडिंग कर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया. चौराहे के साथ-साथ आसपास की कॉलोनियों और संकरी गलियों के मुहाने पर भी बैरिकेड लगा दिए गए, जिससे इलाके में किसी बड़े वीआईपी या राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के दौरे जैसा माहौल नजर आया. गलियों तक के रास्ते बंद होने से दोपहर के समय स्कूल-कॉलेज से लौट रहे छात्र-छात्राओं और आम वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी.

यातायात सुधार और ब्रिज के नीचे सौंदर्यीकरण का तर्क
फूटी कोठी चौराहे पर नवनिर्मित फ्लाईओवर शुरू होने के बाद से ही नीचे सर्विस रोड और बोगदे में लगने वाले सब्जी ठेलों के कारण शाम के समय भीषण जाम की स्थिति बन रही थी. नगर निगम और यातायात पुलिस का तर्क है कि मुख्य चौराहे और ब्रिज के नीचे अतिक्रमण होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था और एंबुलेंस व स्कूली बसों को निकलने में परेशानी हो रही थी. निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है, हालांकि विक्रेताओं को निकटवर्ती हॉकर्स जोन में शिफ्ट करने पर विचार चल रहा है

Next Post

मॉडलिंग के ऑफर से बदली अर्शी खान की किस्मत, बिग बॉस 11 ने रातोंरात दिलाई घर-घर में पहचान

Sat Nov 28 , 2026
मुंबई, अर्शी खान ने फिजियोथेरेपी की पढ़ाई के बाद थिएटर और मॉडलिंग से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। बिग बॉस 11 ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। वह बिग बॉस 14 में चैलेंजर बनकर नजर आई थीं। अर्शी खान का सपना कभी फिजियोथेरेपिस्ट बनने का था, लेकिन अभिनय के प्रति […]

You May Like